मुंबई और कोलकाता के लिए प्रतिदिन मिलेगी फ्लाइट सुविधा
देवघर। बाबा नगरी देवघर से हवाई संपर्क का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे ने गुरुवार को जानकारी दी कि जल्द ही देवघर एयरपोर्ट से गुवाहाटी, हैदराबाद और सूरत के लिए सीधी विमान सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही मुंबई और कोलकाता के लिए भी प्रतिदिन उड़ान सेवा उपलब्ध होगी। देवघर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने बताया कि वर्तमान में मुंबई के लिए सप्ताह में तीन दिन फ्लाइट संचालित हो रही है, जिसे अब प्रतिदिन किया जाएगा। वहीं कोलकाता के लिए भी नियमित दैनिक विमान सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि नई उड़ानों के शुरू होने से संताल परगना सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अभी देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए प्रतिदिन यात्री विमान सेवा उपलब्ध है। आने वाले समय में गुवाहाटी, सूरत और हैदराबाद के जुड़ने से देवघर का संपर्क देश के कई बड़े शहरों से सीधे हो जाएगा। इससे व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। सांसद ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। इसके लिए 450 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार योजना के तहत नया टर्मिनल भवन, लंबा रनवे, एयरोब्रिज और टैक्सी-वे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि एयरपोर्ट विस्तार और नई उड़ान सेवाओं की शुरुआत के बाद देवघर पूर्वी भारत के प्रमुख हवाई केंद्रों में शामिल होगा।
—————————————————————————————————————–
देवघर में खुलेगा बिहार-झारखंड का पहला वीजा फैसिलिटी सेंटर
विदेश यात्रा और पढ़ाई के लिए अब दिल्ली-कोलकाता जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत
देवघर। बाबा नगरी देवघर जल्द ही बिहार और झारखंड के पहले वीजा फैसिलिटी सेंटर की सौगात पाने जा रही है। गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अक्टूबर-नवंबर तक देवघर में वीजा फैसिलिटी सेंटर का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। देवघर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि अब तक वीजा से जुड़े काम के लिए बिहार और झारखंड के नागरिकों को दिल्ली या कोलकाता जाना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त खर्ची होती थी। लेकिन देवघर में यह केंद्र शुरू होने के बाद क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में छोटे देशों के लिए वीजा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें घूमने, पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए सिंगापुर, दुबई, थाईलैंड, मलेशिया और बैंकॉक जैसे देशों में जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। सांसद ने कहा कि देवघर में वीजा फैसिलिटी सेंटर शुरू होने से संताल परगना सहित बिहार और झारखंड के कई जिलों के नागरिकों को सीधा फायदा होगा। इससे क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय यात्रा सुविधाएं बढ़ेंगी और विद्यार्थियों, पर्यटकों तथा व्यवसाय से जुड़े यात्रियों को आसानी होगी। देवघर में लगातार बढ़ रही हवाई और रेल कनेक्टिविटी के बीच वीजा फैसिलिटी सेंटर की शुरुआत को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
—————————————————————————————————————–
गोड्डा से गुजरात और कोटा के लिए जल्द चलेगी सीधी ट्रेन
भागलपुर-कोलकाता वंदे भारत को मिली मंजूरी, साहिबगंज और पाकुड़ में होगा ठहराव
देवघर। संताल परगना के रेल नेटवर्क को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे ने कहा कि आने वाले दिनों में गोड्डा से गुजरात और कोटा के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी और गोड्डा का संपर्क देश के प्रमुख शहरों से और मजबूत होगा।
गुरुवार को देवघर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद ने बताया कि केंद्र सरकार लगातार संताल परगना में रेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि गोड्डा और देवघर से लगातार नई ट्रेनों की शुरुआत हो रही है, जिससे यह इलाका देश के बड़े शहरों से जुड़ता जा रहा है।
सांसद ने जानकारी दी कि भागलपुर से कोलकाता के बीच जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। यह ट्रेन साहिबगंज और पाकुड़ होकर चलेगी तथा दोनों स्टेशनों पर इसका ठहराव भी होगा। उन्होंने कहा कि इस सेवा से साहिबगंज और पाकुड़ के यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। वंदे भारत सुबह भागलपुर से रवाना होगी और शाम में कोलकाता से वापस भागलपुर लौटेगी।
रेल परियोजनाओं की प्रगति पर जानकारी देते हुए सांसद ने बताया कि दिसंबर 2027 तक गोड्डा-महगामा रेल लाइन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद महगामा तक ट्रेन परिचालन शुरू हो जाएगा। वहीं, देवघर से पीरपैंती रेल लाइन का निर्माण 28 जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र से सीधी रेल सेवा का विस्तार होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि गोड्डा और पाकुड़ के बीच नई रेल लाइन बिछाने की योजना पर भी काम चल रहा है। यह परियोजना पीपीपी मोड पर विकसित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में यातायात और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


