-मिथुन चक्रवर्ती को बताया अच्छा एक्टर
कोटा । दशहरा मेला उद्घाटन में दुर्गा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देने कोटा पहुंचीं बॉलिवुड अभिनेत्री और मथुरा सांसद हेमा मालिनी ने दादासाहेब फाल्के पुरस्कार को लेकर एक बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने कहा है कि यह अवार्ड धर्मेंद्र जी को दिया जाना चाहिए। गौरतलब है कि इस साल का दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती को दिए जाने की घोषणा की जा चुकी है। ऐसे में हेमा का यह बयान खासा मायने रखता है।
अपने जमाने की मशहूर एक्ट्रेस और वर्तमान सांसद हेमा मालिनी गुरुवार को कोटा पहुंचीं हैं। यहां वो दशहरा मेला उद्घाटन में दुर्गा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। इससे पहले उन्होंने उम्मेद भवन पैलेस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दादासाहेब फाल्के को पुरस्कार हर साल एक कलाकार को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को पुरस्कार मिलना ही चाहिए। जब उनसे मिथुन चक्रवर्ती को अवार्ड दिए जाने का सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ा बयान देने हुए कहा, कि मुझे लगता है कि धरम जी को यह पुरस्कार मिलना चाहिए था। वैसे धरमी जी को तो 10-15 साल पहले ही यह पुरस्कार मिल जाना चाहिए था। इसके साथ ही उन्होंने मिथुन दा की तारीफ करते हुए कहा कि इस वर्ष मिथुन को अवार्ड मिला है, वो बहुत अच्छा एक्टर और व्यक्ति हैं।
इसी दौरान हेमा मालिनी ने कोटा पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, कि यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लगा है। प्लेन से रिवर फ्रंट देखकर बहुत अच्छा लगा वह बहुत सुंदर दिखा। उन्होंने कोटा की डोरिया साड़ी का भी जिक्र किया और कहा कि जब साड़ियों का नाम आता है तो कोटा डोरिया साड़ी का जिक्र भी आता है। कोटा साड़ियों के लिए फेमस है। हेमा मालिनी ने नृत्य नाटिका के संबंध में भी बात की और बताया कि कोटा में नृत्य नाटिका प्रस्तुति का अवसर मिला है। इसके बाद हेमा मथुरा में भी दुर्गा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देने जाएंगी।


