देवघर। शहर के महावीर अखाड़ा रोड निवासी डॉ. ज्ञानेंद्र प्रसाद और अनुपमा सिन्हा की पुत्री लिपि अनुज्ञान का आईबीपीएस में एग्रीकल्चर फील्ड ऑफिसर के रूप में चयन हुआ है। लिपि को पंजाब नेशनल बैंक में नियुक्ति मिली है। वह अब स्पेशलिस्ट ऑफिसर के रूप में कार्य करेंगी। लिपि के पिता डॉ. ज्ञानेंद्र प्रसाद एएस कॉलेज में वनस्पति विभाग के प्राध्यापक होने के साथ-साथ एक पत्रकार भी हैं, जबकि मां अनुपमा सिन्हा संत फ्रांसिस स्कूल देवघर में वरीय शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।

लिपि ने अपनी दसवीं की पढ़ाई संत फ्रांसिस स्कूल देवघर से पूरी की, जहां उन्होंने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद प्लस-टू में भी उन्होंने टॉप किया। बारहवीं के बाद लिपि ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) रांची में दाखिला लिया, जहां से उन्होंने रिकॉर्ड अंकों के साथ स्नातक की पढ़ाई पूरी की और दो-दो गोल्ड मेडल हासिल किए। लिपि की इस सफलता पर उनके परिवारजन और इष्ट-मित्रों में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि ने देवघर का नाम रोशन किया है।





