संजीव झा

गोड्डा : जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र के नावाडीह चंदसर गांव में एक सूखे तालाब के नजदीक सड़क किनारे ग्राम प्रधान का शव मिला है। मृतक की पहचान मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के फुलोलक्ष्मी गांव निवासी तालू मुर्मू के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी मिरकू मरांडी ने बताया कि रविवार शाम करीब 5 बजे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए। वे पार्टी मनाने की बात कहकर उनके पति को साथ ले गए। इसके बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा। सोमवार सुबह बोआरीजोर थाने से शव मिलने की सूचना मिली।
बोआरीजोर थाना प्रभारी ध्रुव कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव को तालाब के नजदीक सड़क किनारे फेंका गया है। मृतक के पॉकेट से मिर्जाचौकी से साहिबगंज का एक पुराना टिकट बरामद हुआ है। महागामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आज़ाद ने पुष्टि की कि मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बोरियो विधानसभा के विधायक धनंजय सोरेन ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।





