मिहिजाम। बोदमा केबिन और जामताड़ा के बीच डाउन मेन लाइन पर रविवार तड़के एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शहरडाल पंचायत के तेलईपाड़ा निवासी मोहित किस्कू (43), पिता स्व. सुरेंद्र किस्कू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे पोल संख्या 243/2 के पास बोदमा केबिन से जामताड़ा की दिशा में करीब 200 मीटर दूरी पर मोहित किस्कू का शव रेल पटरी के समीप पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आए थे। हालांकि, घटना किस ट्रेन से हुई और उस समय परिस्थितियां क्या थीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना के एएसआई जहांगीर अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चित्तरंजन आरपीएफ कर्मियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह और मृतक के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


