देवघर। राजकीय श्रावणी मेला, 2024 के चौथी सोमवारी के सफल संचालन को लेकर डीसी विशाल सागर की अध्यक्षता में बी.एड. कॉलेज प्रांगण में प्रतिनियुक्त सभी दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बाहर से आए पुलिस फोर्स के अधिकारियों को सामूहिक रूप से ब्रीफ किया गया। इस दौरान डीसी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि तीन सोमवारी में अब तक आप सभी ने बेहतर तरीके से काम किया है, जिसकी वजह से लाखों श्रद्धालुओं ने अब तक बाबा बैद्यनाथ का सुलभ व सुरक्षित जलार्पण किया है। ऐसे में आने वाली चौथी सोमवारी को लेकर सभी दण्डाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को और भी एक्टिव होकर कार्य करने की आवश्यकता है। सबसे महत्वपूर्ण निर्धारित रूटलाईन में श्रद्धालु कतारबद्ध होकर चलें और एक दूसरे से एक निष्चित गैप पर श्रद्धालु रहे इसका विशेष रूप से ध्यान रखें। वहीं कम्युनिकेशन गैप की वजह से रूटलाईन में एक जगह कहीं भी भीड़ एकत्रित न हो इसका विषेष रूप से ख्याल रखें और आपसी समन्वय के साथ रूटलाईन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए हर संभव सहयोग करें। आगे उन्होंने रूटलाईन में बनाये गये होल्डिंग प्वाइंट का सही उयोग करने के अलावा बच्चों और महिला श्रद्धालुओं हेतु बनाये गये मातृत्व विश्राम गृह का उपयोग करें, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि विनम्रता व सेवाभाव के साथ श्रावणी मेला हेतु पूरी तरह सजग रहे, क्योंकि श्रावणी मेला के दौरान खासकर सोमवारी के दिन सर्वाधिक भीड़ होती है। ऐसे में श्रावणी मेला के चौथी सोमवारी को इतनी बड़ी तादाद में देवघर आने वाले कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण जैसी चुनौतियों का सामना बिना सजगता के नहीं किया जा सकता है। आप सभी का यह ध्येय होना चाहिये कि जितना हो सके श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण करायें, ताकि कतार लगातार आगे बढ़ते रहे। साथ हीं डीसी ने कहा कि यह हम सभी के लिए जरूरी है कि हम सभी पूरी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें; ताकि दूसरे राज्यों से यहां आने वाले लोग हमारे राज्य की एक अच्छी छवि लेकर यहां से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें। आगे डीसी ने सभी को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की कतार बिना गैप के आगे बढ़ते रहें, इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखें। साथ ही डीसी ने सभी को शालिनता व सेवाभाव से श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा व सहयोग मुहैया कराने की बात कही। इसके अलावे ब्रीफिंग के दौरान एसडीओ मधुपुर आशीष अग्रवाल एवं अनुमंडल पदाधिकारी सागरी बराल ने क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष रूप से ध्यान रखें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण कराया जा सके और भीड़ नियंत्रण करने में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। साथ उन्होंने कहा कि दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को निदेषित किया कि सभी का यह दायित्व होगा कि वे यह देखें कि उनके निर्धारित क्षेत्र में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इस दौरान उपरोक्त के अलावा नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी, जिला स्तर के अधिकारी एवं मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पुलिस पदाधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


