दुमका । जिला उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने मंगलवार को सामाजिक कुरीति निवारण जागरूकता रथ को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया| मौके पर उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे ने बताया कि यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्र में भ्रमण कर बाल विवाह, डायन प्रथा सहित सभी सामाजिक कुरीतियां के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत जागरूकता के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्र में नुक्कड़-नाटक, गीत-नाट्य के माध्यम से लोगों को बाल-विवाह मुक्त समाज बनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
कहा कि सामाजिक कुरीति व बाल-विवाह समाज के लिए एक अभिशाप है इसे मिटाने के लिए जन सहभागिता की आवश्यकता है। बाल-विवाह अगर होता रहेगा तो स्वस्थ्य भारत की कामना नहीं की जा सकती है। बच्चें कुपोषित पैदा होंगे और उनमें विभिन्न प्रकार की बीमारियां होंगी। जिससे परिवार एवं समाज के विकास पर असर पड़ेगा।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी भी उपस्थित थे।


