देवघर। महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा मंदिर में श्रदालुओं की भीड़ उमड़ी। जिले में श्रद्धालुओं की भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित करने और सुविधाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त विशाल सागर ने मंगलवार अहले सुबह बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, क्यू कॉम्प्लेक्स, नेहरू पार्क, शिवराम झा चौक समेत बाबा मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों और दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भगदड़ की स्थिति न बनने पाए और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलार्पण में सहयोग दिया जाए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध:
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विशाल सागर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु रात से ही कतारबद्ध होकर जलार्पण का इंतजार कर रहे थे। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तैयारियां पहले से ही सुनिश्चित कर ली थीं ताकि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण में किसी को परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं के लिए सूचना केंद्र, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
वीआईपी दर्शन पर रोक, शीघ्र दर्शनम कूपन उपलब्ध:
उपायुक्त ने बताया कि इस बार वीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। हालांकि, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ₹600 शुल्क के साथ “शीघ्र दर्शनम कूपन” की व्यवस्था की गई है।
सुबह 4:30 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए खुले बाबा बैद्यनाथ के पट⁶
सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 4:30 बजे से बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए खोल दिए गए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, मंदिर प्रबंधक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।





