हजारीबाग । जिले के बरही चौक पर रविवार रात हथियारबंद अपराधियों ने जय माता दी ज्वेलर्स के दुकानदार रविंद्र कुमार से करीब 4 करोड़ रुपए के जेवरात लूट लिए। बताया जा रहा है कि जब वह दुकान बंद कर जेवरातों से भरा बैग अपनी कार में रख रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी मौके पर पहुंचे और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद अपराधियों ने कार का शीशा तोड़कर जेवरात से भरा बैग छीन लिया। रविंद्र कुमार ने विरोध करने का प्रयास किया, जिस पर अपराधियों ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर कोडरमा की ओर फरार हो गए। घायल प्रतिष्ठान संचालक को स्थानीय लोगों की मदद से हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि घटना को लेकर अपराधी पहले से रेकी कर रहे थे।

जेवर व्यवसायी सुरेंद्र सोनी ने बरही थाना में दिए गए आवेदन में बताया है कि अपराधी उनके भाई रविन्द्र कुमार को कट्टा के बट से मारते हुए सामान छीनकर भाग गए। उन्होंने बताया कि सारा सामान बैग और बोरी में लगभग 30-30 किग्रा कुल 60 किग्रा चांदी और एक हरे कलर के बैग में 35 किग्रा का बना हुआ जेवरात था। इसके अलावा सोने के दो बैग जिसमें लगभग साढ़े तीन किग्रा बना हुआ जेवरात था। इसमें सोने के टॉप्स, बाली, झुमका, चैन, चूड़ी, अंगूठी, हार सहित अन्य जेवर थे जो कि सभी 14 कैरेट, 18 कैरेट, 22 कैरेट सोने के थे। उन्होंने आवेदन में बताया है कि उनका अनुमान है कि सभी अपराधी लगभग 25 से 30 वर्ष के होंगे और उन सभी की ऊंचाई लगभग 5 फीट से 5 फीट 6 इंच के करीब होगी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने थाना प्रभारी विनोद कुमार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिया। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस घटना को लेकर कई लोगों से पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने सोमवार को बताया कि पीडि़त की ओर से थाने में आवादेन दिया गया है।आवेदन में दुकान के जेवर के लूट का जिक्र है। करोड़ों रुपये के जेवरात की लूट हुई है। मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।



