नई दिल्ली । बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े फेरबदल की आहट सुनाई दे रही है। राज्य में महागठबंधन के भविष्य पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं, क्योंकि कांग्रेस के भीतर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से गठबंधन खत्म करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान बिहार कांग्रेस के अधिकांश विधायकों और नेताओं ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी से अलग होने की वकालत की।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में बिहार के नवनिर्वाचित विधायकों ने अपनी बात रखी। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विधायकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि आरजेडी के साथ गठबंधन अब कांग्रेस के लिए असहज और घातक साबित हो रहा है। खरगे द्वारा पार्टी में संभावित टूट की अफवाहों पर पूछे गए सवाल को विधायकों ने सिरे से नकार दिया, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ना ही पार्टी के हित में होगा। यह पहली बार नहीं है जब बिहार कांग्रेस में आरजेडी से दूरी बनाने की मांग उठी है। इससे पहले भी विधायक दल के पूर्व नेता शकील अहमद समेत कई वरिष्ठ नेता इस गठबंधन को तोड़ने की सलाह दे चुके हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद हुई समीक्षा में भी यह बात निकलकर सामने आई थी कि आरजेडी के साथ रहने के कारण कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा। प्रत्याशियों का मानना था कि गठबंधन के चलते पार्टी का अपना जनाधार प्रभावित हो रहा है। हालांकि, शीर्ष नेतृत्व ने फिलहाल इस मांग पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेकिन जिस तरह से एक या दो को छोड़कर लगभग सभी विधायकों ने गठबंधन से हटने के पक्ष में राय दी है, उससे आलाकमान पर दबाव बढ़ गया है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व आगामी दिनों में बिहार इकाई की इस मांग पर गहराई से विचार कर भविष्य की रणनीति तय करेगा। यदि कांग्रेस अलग होने का फैसला लेती है, तो बिहार का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।






