शाम होते ही शराबियों का लगता है जमावड़ा
आनंद कुमार मिश्रा /
मेहरमा (गोड्डा) संवाददाता : प्रखंड अंतर्गत बलबड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनकुड़िया के ग्राम रजौन स्थित प्राथमिक विद्यालय संथाली टोला के बरामदे में विद्यालय बंद होने के बाद खुलेआम देसी शराब बेची जाती है। जिससे वहां शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सोनेलाल मरांडी जो उसी गांव के हैं, तथा विद्यालय से महज चंद कदम की दूरी पर ही उनका घर है, ने भी इसकी जानकारी न तो विभागीय अधिकारियों को और ना ही पुलिस एवं प्रशासन को ही दी है। इस बाबत पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि विद्यालय में चारदीवारी नहीं है। और बगल में शराब बिकती है। विद्यालय बंद रहने पर बारिश से बचने के लिए शराब बेचने और पीने वाले दोनों बरामदे में चले जाते हैं। इस बाबत बलबड्डा थाना प्रभारी राहुल कुमार चौबे ने नियम संगत कार्रवाई का भरोसा दिया। वही मेहरमा प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार ने शिक्षा के मंदिर में हो रहे इस कृत्य पर गहरी चिंता जाहिर की तथा प्रशासनिक कार्रवाई की बात कही। पूर्व मुखिया हेमंत मंडल ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दुखद स्थिति करार दिया तथा पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं वर्तमान मुखिया जंग बहादुर सिंह ने भी शिक्षा के मंदिर में ऐसी घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संज्ञान में आया है। उचित कार्रवाई की जाएगी। चाहे जो हो परंतु शिक्षा के मंदिर में हो रहे इस कृत्य ने विभाग के दावों की पोल खोल दी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


