-घर में सामने से ताला डाला, पड़ोसी के पहुंचने पर घटना का हुआ खुलासा
जांजगीर । छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक कांग्रेस नेता ने अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ जहर खाकर खुदकुशी कर ली। बड़े बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कांग्रेस नेता, पत्नी और छोटे बेटे को गंभीर हालत में बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया जहां तीनों ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक कर्ज से परेशान कांग्रेस नेता ने यह कदम उठाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांजगीर के बोंगापार निवासी कांग्रेस नेता पंचराम यादव (66) पत्नी दिनेश नंदनी यादव (55) पुत्र नीरज यादव बंटी (28) और सूरज यादव (25) ने विगत दिवस जहर खा लिया था। किसी को पता न चले इसलिए उन्होंने घर के बाहर से दरवाजे में ताला लगा दिया था और पीछे के दरवाजे से जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। इस खुलासा तब हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक लड़की उनके घर पहुंची। दो-तीन बार आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसे कुछ अनहोनी होने का शक हुआ और उसने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। जब पड़ोसी और उसके रिश्तेदार घर के अंदर गए तो सभी गंभीर अवस्था में पड़े हुए थे। बड़े बेटे की तो मौके पर ही मौत हो गई थी। पंचराम और उनकी पत्नी और बेटे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह इन तीनों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






