एक ने गंवाई जान, दूसरे की हालत गंभीर, वीडियो हुआ वायरल
मुंगेली । छत्तीसगढ़ में रात के अंधेरे में एक घर के आंगन में कोबरा सांप घुस गया और कुंडली मारकर बैठ गया लेकिन इसकी भनक घर की सुरक्षा में तैनात दो पालतू डॉग्स को लग गई तो वह भौंकने लगे और उसे भगाने की कोशिश करते रहे लेकिन जब वह नहीं भगा तो फिर उन्होंने सांप पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों ने उसका मुकाबला भी किया। इस दौरान लड़ाई में किंग कोबरा सांप तो मारा गया, लेकिन उसके डसने से एक डॉगी की जान भी चली गई, वहीं दूसरा जिंदगी से जंग लड़ रहा है।
यह घटना प्रदेश के मुंगेली के पिंडारा कांपा इलाके की है जहां श्रीकांत गोवर्धन ने अपने घर में दो डॉगी पाल रखे थे। इनमें से एक का नाम चीकू था, जो कि सफेद रंग का लेब्राडोर था वहीं दूसरे का नाम पीकू है, जो कि काले रंग का रोटविलर प्रजाति का है। रात जब दोनों पालतू डॉग्स आंगन में ड्यूटी दे रहे थे, तभी घर में किंग कोबरा सांप घुस आया। दोनों डॉगी ने बारी-बारी से उस सांप को अपने जबड़े में दबाकर उसका मारने की कोशिश की, लेकिन वह भी जहरीली फुंकार मारता था। सांप ने भी खतरा भांपते हुए उन पर हमला करना और उन्हें डसना शुरू कर दिया।
इस घटना का 1.15 मिनट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इन दोनों डॉगीज को उस सांप का मुकाबला करते हुए देखा जा सकता है। दोनों अपनी जान की परवाह किए बिना उस सांप को मारने की कोशिश करते रहे। आखिर में इस जंग में चीकू की मौत हो गई। जब इन तीनों के बीच लड़ाई चल रही थी, तब गोवर्धन परिवार के लोग आराम से चैन की नींद सो रहे थे। लेकिन जब उन्होंने दोनों डॉगीज के लगातार भौंकने की आवाज सुनी, तो उनकी नींद खुल गई, इसके बाद उन्होंने बाहर आकर देखा तो उन्हें आंगन में मरा हुआ सांप दिखा, पास ही में उनका चीकू भी बेसुध पड़ा था। जब उसे उठाने की कोशिश की तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी थी, वहीं पीकू जिंदा तो था, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।






