महागामा : लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ को लेकर महागामा नगर पंचायत के विभिन्न छठ घाट तालाब की साफ-सफाई का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है जिससे छठ व्रतियों मैं रोष है। महागामा नगर पंचायत अंतर्गत पड़ने वाले छठ घाट की साफ सफाई के लिए अभी तक नगर पंचायत द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि छठ घाटों की साफ-सफाई एक पखवारा पूर्व शुरू कर दिया जाता था पर इस बार तालाब में पानी अधिक होने के वजह से छठ व्रतियों के बीच घाटों की साफ सफाई को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। मालूम हो कि महागामा के बसुवा पोखर में सबसे अधिक छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है, जहां इन दिनों तालाब का पानी व घाट की स्थिति गंदगी के कारण बदतर हो गयी है। वहीं नगर पंचायत के लक्ष्मण बांध, दुर्गा मंदिर पोखर, बसुआ पोखर, बिजली ऑफिस तालाब, गंगासागर तालाब, महुवारा, तेतरिया सहित अन्य छठ तालाब में श्रद्धालु छठ पूजा के दौरान सूर्य को अर्घ्य देते हैं पर गंदगी के कारण छठ घाट की स्थिति खराब है। यदि समय रहते छठ घाटों की सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया, तो छठ पर्व के दौरान व्रतियों तथा श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने छठ तालाब की साफ सफाई व घाट मरम्मत की मांग की है।



