नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने न्यायपालिका में अनुशासन और निष्पक्षता को लेकर एक अहम और बेबाक टिप्पणी करते हुए कहा है कि रिटायरमेंट से ठीक पहले कुछ न्यायाधीशों द्वारा तेजी से फैसले सुनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह टिप्पणी मध्य प्रदेश के एक मुख्य जिला न्यायाधीश की याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई, जिन्हें रिटायरमेंट से महज दस दिन पहले निलंबित कर दिया गया था। इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एस. सूर्याकांत की अध्यक्षता वाली पीठ कर रही थी, जिसमें न्यायमूर्ति जोयमल्या बागची भी शामिल थे।

पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता ने रिटायरमेंट से ठीक पहले “सिक्सर मारना” शुरू कर दिया था, यानी बहुत तेजी से फैसले सुनाए गए। अदालत ने इसे एक उभरती हुई प्रवृत्ति बताते हुए कहा कि इस पर विस्तार से टिप्पणी करना उचित नहीं समझा जा रहा। मामला उस निलंबन से जुड़ा है, जो कथित तौर पर जिला न्यायाधीश द्वारा पारित दो न्यायिक आदेशों के आधार पर किया गया था। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विपिन सांघी ने दलील दी कि संबंधित जिला न्यायाधीश का करियर बेदाग और उत्कृष्ट रहा है। उनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में भी उन्हें लगातार अच्छी रेटिंग मिली है। उन्होंने कहा कि अधिकारी 30 नवंबर को रिटायर होने वाले थे, लेकिन 19 नवंबर को उन्हें निलंबित कर दिया गया। सांघी ने सवाल उठाया कि किसी न्यायिक अधिकारी को केवल उसके द्वारा पारित आदेशों के आधार पर कैसे निलंबित किया जा सकता है। यदि कोई आदेश गलत है, तो उसे अपील के माध्यम से उच्च अदालत में सुधारा जा सकता है। इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि केवल गलत न्यायिक आदेश पारित करने के आधार पर किसी न्यायिक अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई या निलंबन नहीं किया जा सकता। अदालत ने जोर देकर कहा कि न्यायिक गलतियों के लिए दंडात्मक कदम उचित नहीं हैं। हालांकि, पीठ ने यह सवाल भी उठाया कि यदि कोई आदेश स्पष्ट रूप से बेईमानी या दुर्भावना से प्रेरित हो, तो ऐसे मामलों में क्या किया जाना चाहिए। इसके बावजूद अदालत ने दोहराया कि साधारण न्यायिक त्रुटियों के लिए निलंबन का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए।
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को मध्य प्रदेश सरकार को निर्देश दिया था कि राज्य कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु 62 वर्ष किए जाने के निर्णय के चलते संबंधित जिला न्यायाधीश की सेवानिवृत्ति एक साल के लिए टाल दी जाए। अब वे 30 नवंबर 2026 को रिटायर होंगे। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि जब वे दो विवादित आदेश पारित किए गए, तब याचिकाकर्ता को अपनी रिटायरमेंट अवधि बढ़ने की जानकारी नहीं थी। पीठ ने यह भी सवाल किया कि निलंबन को चुनौती देने के लिए याचिकाकर्ता ने पहले हाईकोर्ट का रुख क्यों नहीं किया। इस पर जवाब दिया गया कि चूंकि यह फैसला फुल कोर्ट का था, इसलिए निष्पक्ष सुनवाई के लिए सीधे सुप्रीम कोर्ट आना उचित समझा गया। अदालत ने इस तर्क से असहमति जताते हुए कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां हाईकोर्ट ने फुल कोर्ट के फैसलों को न्यायिक आधार पर रद्द किया है। अदालत ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि निलंबन के आधार जानने के लिए याचिकाकर्ता ने आरटीआई आवेदन दाखिल किए। पीठ ने कहा कि एक वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी से इस तरह के कदम की उम्मीद नहीं की जाती और इसके बजाय उन्हें प्रतिवेदन देना चाहिए था। अंत में अदालत ने कहा कि उसे इस याचिका को सुनवाई योग्य मानने का कोई ठोस आधार नजर नहीं आता।





