रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि धान क्रय की प्रक्रिया एक रोटेशन सिस्टम है। उस हिसाब से उठाव होता है। बिलिंग होती है। कंटीन्यूस प्रोसेस है। कभी-कभी किसी वर्ष अधिक समय लग जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राइस मिलों की संख्या बढ़ाई जा रही है। यह बातें श्री सोरेन ने गुरुवार को सदन में जयराम महतो के सवाल का जवाब देते हुए कही। जयराम महतो ने कहा कि विधायकों का वेतन एक मुश्त आता है और किसानों को किस्तों में राशि दी जाती है। अगर किसानों को समर्थन मूल्य का पैसा देर से मिलता है तो क्या सरकार इसका ब्याज भी देगी। इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि धान लेने के समय किसानों को 50 फीसदी राशि देते हैं। उसके बाद दूसरी किश्त में 50 फीसदी राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि एक मुश्त राशि देने से करप्शन बढ़ेगा।

जनप्रतिनिधि निजी अस्पतालों में कराते हैं इलाज : जयराम
जेकेएलएम विधायक जयराम महतो ने कहा कि बजट की सार्थकता तभी होगी जब राज्य के जनप्रतिनिधि राज्य के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराएं। उन्होंंने कहा कि शिबू सोरेन को इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया और वित्ती मंत्री भी एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उन्होंंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में निजी क्षेत्र गरीबों का शोषण कर रहे हैं।
108 डायल पर नहीं पहुंचता एंबुलेंस : नवीन
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा ध्वस्त है। 108 डायल करने पर एंबुलेंस नहीं पहुंचता है। चाहे मरीज की मौत क्यों न हो जाए। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस सेवा पूर्ववर्ती रघुवर सरकार ने शुरू की थी। उन्होंने कहा कि छोटे अस्पतालों में आयुष्मान योजना से इलाज नहीं किया जा रहा है। झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ऐसा नियम बनाएं कि मेडिकल कॉलेज से पास होनेवाले छात्र दो साल तक ग्रामीण इलाकों में सेवा दें। केंद्र ऐसे छात्रों को पीजी में प्रवेश में छूट दे। स्वास्थ्य विभाग के वाद-विवाद में विधायक आलोक सोरेन, धनंजय सोरेन, जनार्दन पासवान सहित अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।
झारखंड लिफ्ट इरिगेशन कारपोरेशन लिमिटेड को हम जिंदा करेंगे : हफीजुल
मंत्री हफीजुल ने कहा कि हम झारखंड लिफ्ट इरिगेशन कारपोरेशन लिमिटेड (झालको) को जिंदा करेंगे। झालको में ग्राम सभा के माध्यम से काम होता है। जलनीति 2015 से लागू है। इसकी समीक्षा की जाएगी। रामेश्वर उरांव ने कहा कि पानी के प्रबंधन के लिए काम करना होगा। 2011 में जलनीति बनी। इसके अनुसार काम नहीं हो पाया। इसको अपनाने से समाजिक और आर्थिक बेहतरी आएगी।
हेमलाल ने पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा में कोल्ड स्टोरेज के बंदी का मुद्द उठाया
रांची । राज्य में 30 मिट्रिक टन और 5000 मिट्रिक टन के सभी शीत गृहों का संचालन एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा।विधानसभा में हेमलाल मुर्मू के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने यह जानकारी दी।हेमलाल मुर्मू ने सवाल किया था कि साहेबगंज, गोड्डा आदि में शीतगृह बंद हैं। क्या प्रखंडों में शीतगृह निर्माण की योजना है? मंत्री ने कहा कि राज्यादेश में उल्लेख है कि पांच मिट्रिक टन के शीतगृहों का संचालन एफपीओ/लैंपस/पैक्स के माध्यम से किया जाना है। 30 मिट्रिक टन के शीतगृहों के संचालन का भी यही प्रावधान है। लेकिन 30 मिट्रिक टन के शीतगृहों के संचालन में यह व्यवस्था फेल हो गयी। बहुत से एफपीओ/लैंपस/पैक्स को 30 मिट्रिक टन के शीतगृहों के संचालन की जिम्मेवारी दी गयी, लेकिन वह संचालन में सक्षम साबित नहीं हुए। अब उसे एजेंसी के माध्यम से संचालित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि राज्य के 20 जिलों में 5000 मिट्रिक टन के शीतगृहों का निर्माण कराया जा रहा है। तीन जिलों में इसके संचालन की जिम्मेवारी एजेंसी को दे दी गयी है।
देवघर एम्स में नहीं होता ऑपरेशन : सुरेश
राजद विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि देवघर एम्स में किसी तरह का ऑपरेशन नहीं किया जाता है, जबकि इसे केंद्र सरकार ने बनवाया है। मासस के विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि एनआरएचएम में सहिया को मिलनेवाले मानदेय दो हजार में से केवल एक हजार ही दिया जा रहा है, जबकि मानदेय वृद्धि की घोषणा मुख्?यमंत्री ने की थी। सरकार बकाये मानदेय का जल्द भुगतान करे। उन्होंने कहा कि जिला और प्रखंड प्रोग्राम कॉर्डिनेटर 15 वर्षों एक ही जगह पर जमे हैं। इन्हें बदलने की जरूरत है। विधायक ने सरकार से धनबाद के कोयला खदान और डैम में होनेवाली दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए वहां एनडीआरएफ का कार्यालय खोलने की मांग की।
एक भी योजना चालू दिखा दें, इस्तीफा दे चला जाऊंगा : उदय शंकर सिंह

विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि सारठ विधानसभा क्षेत्र में सारठ, करमाटांड और पालाजोरी में पानी के लिए त्राहिमाम है। इसमें सरकार का जो वक्तव्य आया है। विभाग सरकार को धोखा दे रही है। गलत रिर्पोटिंग कर रही है अगर एक भी चालू योजना दिखा दें तो मैं इस्तीफा देकर चला जाउंगा। चापा नल सिर्फ कागज में चालू है। कहीं भी सारठ अवर प्रमंडल भी दिखा दें। मंत्री योगेंद्र प्रताप ने कहा कि तकनीकी कारणों से योजनाएं शुरू नहीं हुई हैं। हम जांच करवा लेंते हैं। केंद्रांश नहीं मिला है, इसलिए योजना चालू नहीं हुई है। चापानल बनवाया जाएगा। विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया में 312 करोड़ की पेयजलापूर्ति योजना काम धरातल पर शुरू नहीं हुआ है। झरिया में पानी की समस्या है।
प्रतिबंधित कंपनियों से की गई दवा की खरीदारी : सरयू राय
रांची । जदयू विधायक सरयू राय ने सीएजी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिबंधित कंपनियों से दवा की खरीदारी की। उन्होंने रेमडेसिविर इंजेक्शन की खरीदारी में हुई धांधली का भी जिक्र किया और इससे संबंधित सवाल पूछने पर विभाग के अधिकारियों की ओर से टालमटोल की नीति अपनाने की बात कही। उन्होंने मुख्यमंत्री से ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की। विधायक ने कहा कि विभाग आरटीआई से मांगी गई सूचना का भी जवाब नहीं दे रहा है।





