– उस रात पीड़िता के साथ डिनर के दौरान क्या हुआ, आखिरी बार किसने देखा, कहां थे प्रिंसिपल संदीप घोष?
कोलकाता । कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शनों के साथ सीबीआई की जांच भी चल रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि अब तक उन्होंने पीड़िता के तीन साथी डॉक्टरों से पूछताछ की है। इन डॉक्टरों से इस आधार पर पूछताछ की गई कि जिस रात अपराध हुआ, उस रात के बारे में उन्हें क्या पता है। इसके अलावा साथी डॉक्टरों ने यह भी पूछा गया कि जब उन्होंने पीड़िता डॉक्टर के साथ डिनर किया, तो क्या हुआ? सभी के बयानों को सीबीआई ने दर्ज कर लिया है। सीबीआई ने यह भी पूछा कि उस रात पीड़िता को आखिरी बार किसने देखा था? सीबीआई ने आरजी कर अस्पताल के सिक्योरिटी सुपरवाइजर समेत 10 लोगों को तलब किया है, जो अपराध के दिन ड्यूटी पर थे. इसके अलावा घटना की रात ड्यूटी पर मौजूद कुछ गार्ड्स को भी तलब किया गया है। सीबीआई ने ड्यूटी रोस्टर के साथ सुपरवाइजर को भी तलब किया है ताकि पता लगाया जा सके कि किस मंजिल पर कौन ड्यूटी पर था। अस्पताल द्वारा पहले निलंबित किए गए दो अस्थायी सुरक्षा गार्डों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा सीबीआई ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से काफी देर तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने यह जानने की कोशिश की कि उस रात संदीप घोष कहां थे? जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि उनका बयान दूसरों के बयान से मेल खाता है या नहीं।दरअसल, 8-9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत हुई थी। सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात 31 वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट रेजिडेंट डॉक्टरका 8-9 अगस्त की रात कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। वह बेहोशी की हालत में सेमिनार हॉल में मिली थी। उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे।


