संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। जिले में चौकीदार की बहाली के लिए विज्ञापन के बाद चरित्र प्रमाण पत्र बनाने की होड़ मची है। आवेदन करने के लिए चरित्र प्रमाण पत्र का होना अनिवार्य किया गया है। इस कारण चरित्र प्रमाण पत्र बनाने के लिए दर्जनों अभ्यर्थी प्रतिदिन अमड़ापाड़ा थाना का चक्कर लगा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अपना चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने थाना पहुंचे चार्लस मरांडी, अमीन हेम्ब्रम, विनोद किस्कू, सोनामुनि हांसदा एवं राकेश किस्कू ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि पिछले चार अगस्त को ही चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन दिया गया है। वावजूद इसके आज तक हमें चरित्र प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि चौकीदार बहाली की अंतिम तिथि 12 अगस्त है। ऐसे में बस तीन दिन का समय हमारे पास बचा है। अगर समय पर हमारा चरित्र प्रमाण पत्र नहीं बन पाया तो हम सभी इस आवेदन के लिए अयोग्य हो जाएंगे। वहीं आवेदकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चौकीदार बहाली के आवेदन की अंतिम तिथि में बढ़ोतरी की जाए या नहीं तो आवेदन के साथ चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता को समाप्त की जाए ताकि हम सभी अभ्यर्थियों को आवेदन जमा करने में सहूलियत हो और चौकीदार बहाली का लाभ उठा सकें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


