देवघर। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में वर्षभर देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीसी विशाल सागर के निर्देश पर मोहनपुर अंचल के तीनघरा मौजा में 01 एकड़ भूमि चिन्हित कर बजट होटल के निर्माण की योजना बनाई गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किफायती दरों पर बेहतर आवासीय सुविधा प्रदान करना है। यह बजट होटल व्यावसायिक होटलों की तुलना में अधिक सुलभ और सुविधाजनक होगा, जिससे बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने में कोई असुविधा न हो। बजट होटल निर्माण से कम खर्च में उच्च स्तरीय सुविधाएं,श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आरामदायक आवास,देवघर में पर्यटन को बढ़ावा,व्यावसायिक होटलों की महंगी दरों से राहत मिलेगी। जिला प्रशासन इस परियोजना को शीघ्र ही धरातल पर उतारने की तैयारी में है, जिससे आने वाले समय में श्रद्धालु बिना ज्यादा खर्च किए आरामदायक और सुरक्षित आवास का लाभ उठा सकें।






