बाइक और कार के बीच हुई थी जोरदार टक्कर, पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की जांच
पूर्वी सिंहभूम । सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान धतकीडीह मुखी बस्ती निवासी सुभाष कर्मकार (20) और कपाली की झोपड़ी बस्ती निवासी लाया मुखी (19) के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात दोनों युवक मोटरसाइकिल से डोबो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पांडे ढाबा के समीप उनकी बाइक की सामने से आ रही सफेद रंग की कार (जेएच 02बीएन-3464) से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए एएसआई मुन्ना राय ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय पुलिस के पीसीआर पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें तत्काल जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान पूरा होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
कम उम्र में दोनों युवकों की मौत से डोबो और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।



