पोटका के पाथरचाकड़ी-बाघमारा मार्ग का मामला, स्वीकृत राशि और निर्माण में देरी के कारणों की जांच की मांग
पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में शिलान्यास के करीब चार वर्ष बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुईयां ने शुक्रवार को राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास योजनाओं के नाम पर शिलान्यास और आश्वासन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन कई योजनाएं वर्षों बाद भी धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं। पोटका के माटकू पंचायत अंतर्गत पाथरचाकड़ी से बाघमारा गांव तक प्रस्तावित सड़क इसका उदाहरण है।
दुलाल भुईयां के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 1.28 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। सात नवंबर 2022 को ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन विधायक और सांसद की मौजूदगी में सड़क का शिलान्यास भी किया गया था। उस समय ग्रामीणों के बीच मिठाई बांटी गई थी और जल्द सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी थी। हालांकि, करीब चार साल बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि योजना की स्वीकृति और शिलान्यास के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होना सरकारी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने भी इस सड़क का मुद्दा कई बार उठाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों की बुनियादी जरूरतों के प्रति गंभीर नहीं है।

भुईयां ने कहा कि पाथरचाकड़ी-बाघमारा सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। जब सड़क निर्माण की योजना स्वीकृत हो चुकी थी और उसका शिलान्यास भी किया जा चुका था, तो अब तक काम शुरू नहीं होने का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने सड़क योजना की स्वीकृत राशि, विभागीय प्रक्रियाओं और निर्माण कार्य में देरी के कारणों की जांच कराने की मांग की। साथ ही प्रशासन से जिम्मेदारी तय कर सड़क निर्माण तत्काल शुरू कराने की अपील की।
भाजपा नेता ने कहा कि चार साल पहले शिलान्यास के मौके पर ग्रामीणों के बीच बांटी गई मिठाई आज भी विकास के अधूरे वादे की याद दिलाती है। ग्रामीण अब यह जानना चाहते हैं कि सड़क का निर्माण आखिर कब शुरू होगा और देरी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी।



