नई दिल्ली । पार्टी द्वारा जारी किए व्हिप के बावजूद भाजपा के 20 सांसद एक देश-एक चुनाव बिल की वोटिंग में सदन से नदारद रहे। बताया जा रहा है कि भाजपा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और गिरिराज सिंह समेत 20 सांसदों को नोटिस भेज सकती है। भाजपा ने 3 लाइन का व्हिप जारी कर पार्टी के सभी सांसदों को बिल पेश होने के दौरान लोकसभा में मौजूद रहने के निर्देश दिए थे। इसकी अवहेलना करने पर सांसदों को नोटिस भेजकर कारण पूछा जाएगा। हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि इन सभी सांसदों ने पार्टी को अपनी अनुपस्थिति के बारे में पहले से सूचित किया था या नहीं। लेकिन सूत्रों का कहना है कि भाजपा अपने उन सांसदों को नोटिस भेजेगी जो मंगलवार को एक देश, एक चुनाव बिल पेश होने के दौरान लोकसभा में मौजूद नहीं थे। ये सांसद गैरहाजिर थे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सीआर पाटिल, शांतनु ठाकुर, जगदंबिका पाल, बीवाई राघवेंद्र, विजय बघेल, उदयराजे भोंसले, जगन्नाथ सरकार, जयंत कुमार रॉय, वी सोमन्ना, चिंतामणि महाराज समेत कुल 20 सांसद सदन में मौजूद नहीं थे।






