रांची । धरती आबा बिरसा मुंडा के पोते मंगल सिंह मुंडा का गुरुवार देर रात निधन हो गया। मंगल मुंडा ने रिम्स में अंतिम सांस ली। उनके निधन से आदिवासी समुदाय के लोगों में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार खूंटी के उलिहातु गांव में होगा।
उल्लेखनीय है कि 25 नवंबर को मंगल मुंडा खूंटी-तमाड़ रोड में सड़क दुर्घटना के शिकार हो गये थे। उनके सिर पर गंभीर चोट आयी थी। इसके बाद उनको बेहतर इलाज के लिए रिम्स लाया गया था। 26 नवंबर को डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज करना शुरू किया। उन्हें आईसीयू में रखा गया था। बीती देर रात उनका असामयिक निधन हो गया।

बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन पर कड़िया मुंडा समेत कई लोगों ने जतायी संवेदना
भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा का इलाज के दौरान रिम्स में गुरुवार की देर रात निधन हो गया। मंगल मुंडा 25 नवंबर को सड़क दुर्घटना में गभीर रूप से घायल हो गये थे। उनका इलाज रिम्स में चल रहा था। खूंटी के उपायुक्त लाकेश मिश्रा की पहल पर खूंटी के सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम भी रिम्स गई थी। गुरुवार की देर रात लगभग 12.30 बजे मंगल मुंडा का निधन हो गया। मंगल मुंडा के निधन पर लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा, तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा और नीलकंठ सिंह मुंडा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशज के निधन पर शोक जताया
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री हेमंत ने बिरसा मुंडा के वंशज के निधन पर शोक जताया
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन से अत्यंत दु:ख हुआ है। उनका जाना उनके परिवार के साथ ही झारखंड के जनजातीय समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में ईश्वर उनके परिजनों को संबल प्रदान करें। ओम शांति।
उनके निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दु:ख जताया है, उन्होंने कहा कि इस खबर से अत्यंत दुखी हूं। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपने शोक संदेश में लिखा है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के परपोते मंगल मुंडा जी का असामयिक निधन अत्यंत दु:खद और हृदय विदारक है। संड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिस तरह से उन्हें इलाज के लिए तड़पना पड़ा, वह हमारी व्यवस्था की संवेदनहीनता को दर्शाता है। इस नाजुक स्थिति में भी उन्हें समय पर ट्रामा सेंटर में बेड नहीं मिला। इलाज शुरू करने में 10 घंटे की देरी हुई। परिजनों को 15 हजार की दवाएं भी खुद खरीदनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार में एक गरीब आदिवासी की जिंदगी की कीमत आज बस इतनी ही रह गई है। यह केवल मुंडा जी की मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था के द्वारा उनकी हत्या है। जिस झारखंड को बिरसा मुंडा के आदर्शो पर चलना चाहिए था, वहां उनके वंशज के साथ ऐसा व्यवहार होना हर संवेदनशील व्यक्ति को झकझोर कर रख देता है।
उन्होंने कहा कि क्या आज हमारी सरकार और व्यवस्था में गरीबों की कोई जगह नहीं बची है? यह सवाल सिर्फ मंगल मुंडा के परिवार का नहीं, बल्कि झारखंड के हर गरीब आदिवासी का है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने अपने शोक संदेश में कहा है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा जी के निधन की दु:खद खबर से मर्माहत हूं। यह झारखंड एवं देशभर के आदिवासी समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मरांग बुरू दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को यह दु:ख सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार!
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपने शोक संदेश में लिखा है कि बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा जी हम सब के बीच में नहीं रहे, यह समस्त झारखंड के लिए दु:ख का विषय है। जब उन्हें रिम्स लाया गया तब वे रात भर एंबुलेस में घायल अवस्था में पड़े रहे, लेकिन उन्हें देखने वाला कोई नहीं था। जब मुझे सूचना मिली तो मैं रिम्स के पदाधिकारियों से बात कर उन्हें भर्ती कराया। लेकिन एक शहीद परिवार के वंशज के साथ इस तरह का व्यवहार स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। साथ ही यह किसी के साथ न हो, इस पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है। अगर समय पर उनका ईलाज होता तो उनकी जान बच सकती थी। राज्य सरकार को स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर संवेदनशील होना चाहिए।





