नई दिल्ली । भारत को दुनिया में कृषि प्रधान देश कहा जाता है। किसान को अन्नदाता और मिट्टी को मां का दर्ज दिया जाता है। लेकिन धरती मां की सेहत आज बुरी तरह बिगडी हुई है। नई शोध बताती हैं कि भारत की मिट्टी में नाइट्रोजन और ऑर्गेनिक कार्बन की भारी कमी हो गई है। ये वे पोषक तत्व हैं जिनसे उपज और मिट्टी की जीवन शक्ति तय होती है। यह स्टडी सरकार के मिट्टी जांच डेटा के आधार पर की है। शोध में सामने आया हैं कि 64 प्रतिशत मिट्टी में नाइट्रोजन की कमी है। करीब 48.5 प्रतिशत मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की कमी सामने आई है। इसके बाद देश में खेती खतरे में है ही, साथ ही जलवायु परिवर्तन से लड़ने की क्षमता भी खत्म हो रही है।

शोध बताती है कि मिट्टी में नाइट्रोजन डालते रहो, लेकिन नतीजा फीका। जितना खाद डालते हैं, उतना फायदा नहीं मिल रहा है। खासकर केमिकल एनपीके खाद का असर मिट्टी की सेहत पर उलटा पड रहा है। खेती में कमाई के दबाव में किसान ज्यादा उत्पादन के लिए खाद डालता है। लेकिन इससे मिट्टी की जैविक शक्ति लगातार गिरती जा रही है।
ऑर्गेनिक कार्बन मिट्टी की आत्मा होता है। यह पानी रोककर रखता और मिट्टी को मजबूत बनाता है। कार्बन को जमीन में कैद कर जलवायु परिवर्तन को धीमा करता है। भारत की मिट्टी हर साल 6-7 टेराग्राम कार्बन कैद कर सकती है। लेकिन जब मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन ही कम हो रहा है, तब कार्बन सॉल्यूशन की जगह कार्बन प्रॉब्लम बन जाएगी।
2015 से सॉइल हैल्थ कार्ड के जरिए मिट्टी की जांच हो रही है। 12 पैरामीटर्स जरूर मापे जाते हैं। लेकिन मिट्टी के शरीर और आत्मा की पूरी जांच नहीं होती। वैज्ञानिकों का कहना है कि मिट्टी की भौतिक स्थिति और जैविक सक्रियता, इन दोनों की जांच भी बेहद जरूरी है। देश में 14 करोड़ किसान परिवार हैं। लेकिन पिछले दो साल में सिर्फ 1.1 करोड़ मिट्टी जांच तक पहुंच सकी। मतलब ज्यादातर किसान मिट्टी की बीमारी से अनजान ही हैं।





