◆21.9 किमी सड़क के निर्माण के लिए वर्ष 2025 में 168.49 करोड़ में हुआ था टेंडर
◆ मॉनिटरिंग के लिए इंडिपेंडेंट इंजीनियर की नियुक्ति का निकला है टेंडर
डॉ.सुमन सिंह
दुमका । राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-114ए पर टावर चौक, दुमका से बासुकीनाथ तक स्वीकृत फोरलेन सड़क परियोजना का काम शुरू होने में अभी और समय लग सकता है। करीब 21.9 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को हाइब्रिड एन्युइटी मोड (एचएएम) पर विकसित किया जाना है। केंद्र सरकार ने मार्च 2024 में परियोजना के लिए 292.65 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी थी। इसके बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई, लेकिन सितंबर 2026 तक जमीन पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।परियोजना के निर्माण के लिए वर्ष 2025 में जारी टेंडर की अनुमानित लागत 189.36 करोड़ रुपये रखी गई थी। टेंडर प्रक्रिया में छह एजेंसियों ने भाग लिया। इनमें एलोन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने करीब 11 प्रतिशत कम दर पर 168.49 करोड़ रुपये में काम हासिल किया। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्ष 2025 के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा में काम शुरू नहीं हो सका।
इस बीच अगस्त 2026 में परियोजना की निगरानी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की मॉनिटरिंग के लिए इंडिपेंडेंट इंजीनियर की नियुक्ति को लेकर नया टेंडर जारी किया गया है। ऐसे में साइट पर वास्तविक निर्माण गतिविधियां शुरू होने में अभी कुछ और समय लगने की संभावना है।
इंडिपेंडेंट इंजीनियर की नियुक्ति सड़क परियोजनाओं में निर्माण कार्य की निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रगति के सत्यापन तथा परियोजना से जुड़े तकनीकी एवं अनुबंधीय मामलों की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
करीब 21.9 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए लगभग दो वर्ष की अवधि निर्धारित है। निर्माण शुरू होने में लगातार हो रही देरी के कारण परियोजना की निर्धारित समय-सीमा भी प्रभावित हो सकती है।
टावर चौक से बासुकीनाथ तक फोरलेन सड़क बनने से दुमका और बासुकीनाथ के बीच यातायात व्यवस्था में सुधार होगी ही देवघर तक की यात्रा सुगम हो जाएगी।बता दें कि देवघर से बासुकीनाथ तक पहले ही फोरलेन सड़क बन रही है जो अब लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी दुमका-बासुकीनाथ और देवघर-बासुकीनाथ सड़क महत्वपूर्ण है। बाबा बासुकीनाथ का मंदिर देश के प्रमुख शिव मंदिरों में एक है।
फोरलेन सड़क बन जाने से न सिर्फ श्रावणी मेला बल्कि के समय बल्कि पूरे साल यहां यहां आने वाले तीर्थयात्रियों को सुविधा होगी।
—
नवंबर माह में शुरू हो जाएगा निर्माण कार्य:ईई
दुमका।राष्ट्रीय राजमार्ग (एन.एच) देवघर के कार्यपालक अभियंता रविपद मांझी ने बताया कि टावर चौक दुमका से बासुकीनाथ फोरलेन परियोजना के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।यह प्रोजेक्ट एचएएम मोड में पूरा जाना है।इस मोड के लिए इंडिपेंडेंट इंजीनियर की नियुक्ति आवश्यक प्रक्रिया है।इसका टेंडर शीघ्र फाइनल होगा।ईई श्री मांझी कहा कि नवंबर माह में निर्माण कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है।


