जौनपुर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां वाराणसी-सुल्तानपुर हाइवे पर यूनियन बैंक के एक शाखा प्रबंधक ने चलती कार में खुद को गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने घटनास्थल से असलहा और एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें मृतक ने अपने इस आत्मघाती कदम के लिए खुद को ही जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान यूनियन बैंक के 32 वर्षीय शाखा प्रबंधक दुर्गेश श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से किरन इनक्लेव, कुर्सी रोड, टेढ़ी पुलिया, थाना गुडंबा, जनपद लखनऊ के निवासी थे और जौनपुर के भूपतपट्टी में रह रहे थे। वे सुजानगंज के सराय पड़री स्थित यूनियन बैंक की शाखा में प्रबंधक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे दुर्गेश अपनी कार से जौनपुर शहर की तरफ जा रहे थे। बक्शा थाना क्षेत्र के द्वारिका ढाबा के पास वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
सूचना मिलने पर हाईवे पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने कार को टेढ़ा देखकर नजदीक जाकर देखा तो ड्राइवर सीट पर दुर्गेश लहूलुहान पड़े थे। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को देते हुए गाड़ी का शीशा तोड़कर दुर्गेश को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर सीओ सदर, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और फॉरेंसिक टीम के सदस्य भी पहुंचे और जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, कार से बरामद सुसाइड नोट में दुर्गेश ने अपनी मौत की वजह के लिए पूरी तरह से खुद को ही जिम्मेदार बताया है। असलहा लाइसेंसी था या अवैध, इस संबंध में पुलिस विस्तृत जांच कर रही है। मौके पर पहुंचे दुर्गेश के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे बीते कुछ दिनों से काफी तनाव में थे, जिसके चलते शायद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। इस मामले में एएसपी आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मैनेजर को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फॉरेंसिक टीम ने कार की गहन जांच करके आवश्यक सबूत जुटाए हैं, और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।


