●पिछड़ा वर्गों के आर्थिक,सामाजिक,शैक्षणिक एवं राजनीतिक स्थिति के अध्ययन करेगी टीम
●पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम ट्रिपल टेस्ट से सम्बंधित नोडल पदाधिकारी और नगर निकाय के पदाधिकारी के साथ करेगी बैठक
●हिन्दू धुनिया, जोल्हा और नदाफ जाति बहुल क्षेत्रों का स्थानीय जांच परिभ्रमण करेगी आयोग की टीम
विशेष संवाददाता
दुमका।पिछड़ा वर्गों के आर्थिक,सामाजिक,शैक्षणिक एवं राजनीतिक स्थिति के अध्ययन के लिए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की एक टीम 27 मार्च को दुमका का दौरा करेगी।आयोग के सदस्य सचिव ने टीम के दुमका कार्यक्रम की विधिवत सूचना जिला प्रशासन को भेजा है।तय कार्यक्रम के मुताबिक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम 27 मार्च को सुबह 10 बजे से हिन्दू धुनिया, जोल्हा और नदाफ जाति के सम्बंध में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, अंचल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों और जाति प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगी।उसी दिन 11 बजे दुमका परिसदन में पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम ट्रिपल टेस्ट से सम्बंधित नोडल पदाधिकारी,नगर निकाय के पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला योजना पदाधिकारी के साथ बैठक करेगी।दिन के एक बजे पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम दुमका नगर निकाय क्षेत्र का भ्रमण करेगी।पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम 27 मार्च को दोपहर बाद 3 बजे हिन्दू धुनिया, जोल्हा और नदाफ जाति बहुल क्षेत्रों का स्थानीय जांच परिभ्रमण करेगी।पिछड़ा वर्ग आयोग की टीम के दुमका आगमन और यहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।दुमका के उपायुक्त ए. दोड्डे ने पिछड़ा वर्गों के आर्थिक,सामाजिक,शैक्षणिक एवं राजनीतिक स्थिति के अध्ययन के लिए 27 मार्च को दुमका आ रही आयोग की टीम द्वारा बुलाई गई बैठकों में भाग लेने के लिए सभी सम्बंधित अधिकारियों के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया है। अपर समाहर्ता को आयोग की टीम के भ्रमण के दौरान नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है।






