संताल एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर इन दिनों भक्ति, आस्था और उत्सव के रंग में पूरी तरह डूबी नजर आ रही है। पर्यटन विभाग की ओर से निकाली जाने वाली भव्य शिवबारात को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बीच मेला क्षेत्र और शहर के प्रमुख मार्गों पर लगी रंग-बिरंगी स्पाइरल लाइटें श्रद्धालुओं और शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींच रही हैं। शाम ढलते ही रोशनी से नहाया शहर किसी बड़े उत्सव का दृश्य प्रस्तुत करता है। विद्युत पोल पर सजी लाइटों की कतारें रात्रि के समय देवघर को और भी आकर्षक बना रही हैं। यह साज-सज्जा न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रही है, बल्कि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को एक सुखद और यादगार अनुभव भी दे रही है। बाबा बैद्यनाथ धाम परिसर, उसके आसपास के क्षेत्र, शिवबारात रूटलाइन और शहर के अन्य हिस्सों में भी यह रोशनी आसानी से देखी जा सकती है। जिला प्रशासन की ओर से महाशिवरात्रि और शिवबारात के अवसर पर की गई इस सजावट का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा के साथ आध्यात्मिक आनंद प्रदान करना है, ताकि देवघर की यह भव्य छवि लंबे समय तक उनकी स्मृतियों में बनी रहे। महाशिवरात्रि की संध्या छह बजे बाबा भोलेनाथ की बारात केके स्टेडियम से निकलेगी। यह बारात बजरंगी चौक, टावर चौक, आजाद चौक, भैरो बाजार, नरसिंह टॉकीज रोड, शिक्षा सभा, चांदनी चौक और बैद्यनाथ लेन होते हुए पूरब दरवाजा से मंदिर में प्रवेश करेगी। शिवबारात में भूत, पिशाच, दैत्य, राक्षसों के साथ देवताओं की टोली भी शामिल रहेगी, जो इस परंपरागत आयोजन को और भी जीवंत बनाएगी। भक्ति, परंपरा और रोशनी के संगम से सजी यह शिवनगरी इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए आस्था और उत्साह का विशेष केंद्र बनी हुई है।


