राजनीतिक पंडितों का मानना फ्री की योजनाओं से बिगड़ेगी आर्थिक स्थिति
नई दिल्ली । दिल्ली चुनाव में एक बार फिर अरविंद केजरीवाल रेवड़िया बांटने का काम कर रहे हैं। कभी महिलाओं को 2100 रुपए देने का ऐलान, कभी बुजुर्गों को मुफ्त इलाज, कभी दलित बच्चों के लिए स्कॉलरशिप, चुनावी मौसम में आम आदमी पार्टी हर कीमत पर दिल्ली की सत्ता पर काबिज होना चाहती है।
राजनीतिक पंडितों का मानना है कि अरविंद केजरीवाल की योजनाएं एक तरफ उन्हें वोट तो दिलवा सकती हैं, लेकिन दिल्ली की आर्थिक स्थिति पर इसका बुरा असर पड़़ सकता है। अगर आरबीआई के ही पिछले कुछ सालों के आंकड़े निकाल कर देखें तो स्थिति चिंताजनक है। अगर दिल्ली की मुफ्त बिजली योजना की बात करें तो सालाना इस पर केजरीवाल की सरकार 3600 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। पानी की सब्सिडी पर भी सालाना 500 करोड़ तक का खर्च आ रहा है। इसके ऊपर महिलाओं को जो फ्री बस सेवा दी है, उस पर भी सरकार के खजाने से हर साल 440 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं।
अब इन फ्री योजनाओं से एक तरफ वोट तो मिल रहे हैं, लेकिन दिल्ली कर्ज में डूबती जा रही है। 2020 में दिल्ली पर 3,631 करोड़ रुपए का कर्ज था, यह 2021 में बढ़कर 9,464 करोड़ तक पहुंच गया। इसके बाद 2022 में 15,689 करोड़ और अब 2025 को लेकर कहा जा रहा है कि यही कर्ज 15,881 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है।
दिल्ली की आप सरकार का ही वित्त विभाग मानता है कि महिलाओं को जो 2100 रुपए हर माह देने का ऐलान किया है, इससे आर्थिक बजट बिगड़ सकता है। वित्त विभाग ने यहां तक कहा है कि महिला सम्मान पर जो अभी तक बजट का 15 फीसदी हिस्सा खर्च किया जा रहा है, अगर सब्सिडी का दायरा बढ़ा दिया जाता है तो यह आंकड़ा 20 फीसदी तक चला जाएगा। अब दिल्ली सरकार की तरफ से जो फ्री योजनाओं को चलाया जा रहा है, इस पर दिल्ली हाईकोर्ट भी चिंता जता चुका है। इसी साल 26 नवंबर को आतिशी सरकार को तब फटकार पड़ी थी जब कहा गया कि बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए ज्यादा काम नहीं किया गया है। तब हाईकोर्ट ने यहां तक कहा था कि राजनेता ना तो शहर के विकास के लिए पैसा खर्च कर रहे हैं और ना ही कहीं से पैसा इकट्ठा कर रहे हैं। केवल मुफ्त की योजनाओं पर पैसा खर्च किया जा रहा है।






