पलामू । झारखंड में उत्पाद सिपाही भर्ती के लिए चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल पलामू जिले के पांडू के वृद्धखैरा निवासी दीपक कुमार पासवान (25) की मौत हो गई। इसके साथ ही मौत का आंकड़ा बढ़कर पांच हो गया है। रांची के मेदांता में दीपक की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हुई। वो 30 अगस्त से अस्पताल में भर्ती थे। सोमवार शाम रांची से शव डालटनगंज पहुंचते ही अनुसूचित जाति कल्याण छात्रावास के छात्र सड़क पर उतर आए एवं प्रभावित परिवार को 20 लाख का मुआवजा एवं भाई को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर रेड़मा चौक को जाम कर दिया। इस क्रम में झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। चौक पर लगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पोस्टर फाड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम है। डीसी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हैं। सीओ अमरदीप बलहोत्रा मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस भी मौके पर मुस्तैद है। बता दें कि गत 27 अगस्त से पलामू जिले में उत्पाद सिपाही भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा हो रही है। चियांकी हवाई अड्डे पर हर दिन 6 हजार अभ्यर्थियों की दौड़ होती है। 28 अगस्त को दीपक दौड़ में शामिल हुए थे। 9 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के पश्चात दसवें किलोमीटर की दूरी पूरी करने के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें रांची ले जाया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


