पलामू । पलामू में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी का गुरूवार को आगमन हुआ, जहां वे पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल के घर पहुंचीं। कौशल किशोर जायसवाल, उनकी पत्नी व डाली पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल, पुत्र सह छतरपुर पूर्वी के जिला पार्षद सदस्य अमित कुमार जायसवाल, पुत्र अरुण जायसवाल तथा उनकी बहुओं कोमल जायसवाल और शिल्पा जायसवाल ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे और उनके नेता लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , उनकी स्वर्गीय माता और पिताजी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते आए हैं।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे इनकी राजशाही और सामंती मानसिकता झलकती है, क्योंकि इन्हें एक गरीब घर का बेटा प्रधानमंत्री के पद पर देखना बर्दाश्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि देशवासियों में इन बयानों को लेकर काफी आक्रोश है और कांग्रेस परिवारवाद की सोच से बाहर नहीं आ पा रही है। उन्होंने रांची में हुई पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और आगामी 2029 में सरकार बनाने के संकल्प पर भी चर्चा की। मौके पर पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि उनके पोते अद्विक प्रताप देव के जन्मदिवस पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने दिल्ली में वादा किया था कि पार्लियामेंट सत्र के बाद वे उनके घर आशीर्वाद देने अवश्य आएंगी। आज डालटनगंज स्थित पर्यावरण भवन पर पहुंचकर उन्होंने उनके पोते को आशीर्वाद दिया और राजनीतिक चर्चाओं के साथ-साथ पारिवारिक और सामाजिक विषयों पर भी बातचीत की।
पर्यावरण धर्म के तहत कौशल किशोर जायसवाल, अरुण कुमार जायसवाल, अमित कुमार जायसवाल, पूनम जायसवाल, कोमल जायसवाल और शिल्पा जायसवाल ने मिलकर केंद्रीय मंत्री को थाईलैंड प्रजाति का आम का पौधा और शॉल समर्पित किया तथा कामना की कि पूरा देश और परिवार हरा-भरा रहे। मौके पर गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, छतरपुर की पूर्व विधायक पुष्पा देवी, युवा नेता आशीष भारद्वाज, आनंद कुमार और भाजपा नेता रामाशीष यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


