वीणा मेमोरियल लीग में एलएजे एकेडमी ‘ए’ पर एकतरफा कब्जा
ब्यूरो
दुमका। दुमका के वीणा मेमोरियल डिस्ट्रिक्ट लीग ‘ए’ डिवीजन 2025-26 में बुधवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में जूनियर कैंप क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलएजे एकेडमी ‘ए’ को 113 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के नायक रहे अंकुश राउत, जिन्होंने तूफानी अंदाज़ में नाबाद 154 रनों की अविश्वसनीय पारी खेलकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जूनियर कैंप क्लब ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 285 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अंकुश राउत की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने एलएजे एकेडमी के गेंदबाज बेबस नजर आए। विपक्षी टीम की ओर से लोकेश झा ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलएजे एकेडमी ‘ए’ की टीम 27.1 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए हर्षित सेन 57 रन और चैतन्यवीर 55 रन ने संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं, लेकिन जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके। जूनियर कैंप क्लब की गेंदबाजी भी उतनी ही घातक रही। अभिषेक यादव ने 4 विकेट जबकि मोहित कुमार सिंह ने 3 विकेट लेकर विरोधी टीम की रीढ़ तोड़ दी।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अंकुश राउत को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें जिला क्रिकेट संघ, दुमका के सचिव शावर्ण मनोज कुणाल ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सचिव ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
मैच में चंदन और सुमित ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि राहुल ने स्कोरर का दायित्व कुशलतापूर्वक निभाया।
आज गुरुवार को लीग का अगला मुकाबला एलएजे एकेडमी ‘बी’ और सोल क्रिकेट एकेडमी ‘ए’ के बीच खेला जाएगा।


