●डीएमओ ने बिजली वितरण निगम से मांगा क्रशरों में खपत हुई बिजली का पूरा ब्योरा
सुमन सिंह
दुमका।शिकारीपाड़ा में दो स्टोन क्रशरों में अनियमिताएं पकड़े जाने के बाद जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) ने जिले के सभी 164 स्टोन क्रशरों की जांच करने का निर्णय लिया है।जिन दो क्रशरों को उसमें व्याप्त अनियमिताओं के कारण सील किया गया था,उन दोनों क्रशरों के संचालकों को डीएमओ ने शो कॉज नोटिस जारी किया है। डीएमओ आनंद कुमार ने बताया कि शो कॉज का जवाब मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।इधर जिले के 100 से अधिक स्टोन क्रशरों की शुरु की गई जांच के सम्बन्ध में डीएमओ ने बताया कि जांच का एक आधार क्रशर यूनिट में हुई बिजली खपत भी होगा। इसके लिए झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम के सक्षम अधिकारी को पत्र भेज कर दुमका जिला में स्थित स्टोन क्रशर यूनिटों में हुई बिजली खपत का पूरा ब्योरा मांगा गया है।जिले के सभी 164 स्टोन क्रशरों की जांच शुरु होने की भनक से वैसे क्रशर संचालकों में खलबली है जो नियमों और मापदंडों को ताक पर रख कर क्रशर चला रहे हैं।
–
उत्पादन क्षमता के आधार पर क्रशर यूनिट को मिला है सीटीओ
अलग-अलग प्रत्येक क्रशर के लिए स्टोन चिप्स उत्पादन करने की क्षमता निर्धारित है।इसके लिए उन्हें सीटीओ(कंसेंट टू ऑपरेट) मिला हुआ है।बोल्डर को क्रश करने की क्षमता, उत्पादन और बिक्री के आधार पर ही चलान कटता है।सूत्रों के मुताबिक क्रशर यूनिट में जिस मात्रा में स्टोन चिप्स का उत्पादन हो रहा है,उस अनुपात में चालान कट रहा है कि नहीं,यह जांच का विषय है। बिजली खपत का ब्योरा मिलने के बाद ऐसे क्रशरों के संचालकों द्वारा की जा रही अनियमिताओं की जांच बहुत हद तक आसान हो जाएगी।सभी क्रशरों की जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि सरकारी राजस्व को कितना चूना लगा है। जांच से पत्थर खदानों से क्रशरों में भेजे गए बोल्डरों की मात्रा का भी अनुमान लग सकेगा। सरकार को जितनी रॉयल्टी मिल रही है,वह पर्याप्त है कि नहीं, इसका भी कुछ हद तक का हिसाब हो सकेगा।
–
दो क्रशरों को किया गया था सील, संचालकों को भेजा गया शो कॉज नोटिस
बता दें कि 8 अक्टूबर को डीएमओ आनंद कुमार के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने शिकारीपाड़ा में केजीएन स्टोन क्रशर और कादरिया स्टोन स्टोन प्रोजेक्ट में छापामारी कर कई अनियमिताएं पकडी थी। तत्काल प्रभाव से दोनों क्रशरों को सील कर दिया गया था। केजीएन स्टोन क्रशर यूनिट का संचालन फरजुल आलम शेख और कादरिया स्टोन प्रोजेक्ट का संचालन रामपुरहाट(बंगाल) का पत्थर कारोबारी इजराउद्दीन कर रहा था। डीएमओ ने दोनों क्रशर संचालकों को शो कॉज नोटिस भेजा है।माना जा रहा है कि शो कॉज नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दोनो क्रशर संचालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई हो सकती है।


