नई दिल्ली/मुंबई । देश के दो प्रमुख उच्च न्यायालयों पर शुक्रवार दोपहर उस समय दोहरी सुरक्षा चुनौती खड़ी हो गई, जबकि ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पहले दिल्ली हाईकोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली और थोड़ी ही देर बाद बॉम्बे हाईकोर्ट को भी इसी तरह का धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। दोनों ही मामलों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को फौरन अलर्ट कर दिया गया और सुरक्षा की दृष्टि से अदालत परिसरों को खाली करा दिया गया।
सर्वप्रथम दिल्ली हाईकोर्ट को भेजे गए धमकी वाले ई-मेल में दावा किया गया था कि परिसर में तीन बम लगाए गए हैं और उन्हें दोपहर 2 बजे तक निष्क्रिय न किया गया तो बड़ा धमाका होगा। इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी जज, वकील, स्टाफ और आम लोगों को कोर्ट से बाहर निकाल लिया गया था। बम निरोधक दस्ता, स्पेशल सेल और दिल्ली पुलिस की कई यूनिट्स ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। आसपास के इलाकों को भी सील कर दिया गया।
इसी बीच, मुंबई स्थित बॉम्बे हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी का मेल मिला। जानकारी मिलते ही वहां भी हड़कंप मच गया। अदालत परिसर को तुरंत खाली कराया गया और सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि, सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की कोई परिशानी की बात नहीं है। मामले की जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये धमकी भरे मेल किसने भेजे हैं और क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई कनेक्शन है। फिलहाल फॉरेंसिक विशेषज्ञ मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की जांच कर रहे हैं। यहां बताते चलें कि बम संबधी लगातार मिल रहीं धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कोई समन्वित आतंकी साजिश है या फिर फर्जी धमकियों के जरिए अफरातफरी फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।






