देवघर। डीसी विशाल सागर की अध्यक्षता में जिला अन्तर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों एवं आधारभूत संरचनाओं की स्थिति की समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान डीसी ने विभिन्न संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं हेतु किये जाने वाले कार्यों की बिन्दुआर समीक्षा करते हुए आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को लेकर भू-हस्तांरण के कार्यों में हो रही देरी पर रोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। साथ ही डीसी ने विभिन्न अंचलों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कार्य में लापरवाही व कोताही बरतने वाले कर्मियों व अधिकारियों पर आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बैठक के दौरान डीसी विशाल सागर ने अंचलवार तरीके से जल जीवन मिशन, नये बनने वाले आंगनबाड़ी केन्द्र,मारगोमुण्डा प्रखण्ड अन्तर्गत इंडोर स्टेडियम, धनवंत्री आयुष अस्पताल, सदर अस्पताल स्थित 50 बेड क्रिटिकल, के चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए तय समय अनुसार करने का निदेश संबंधित विभाग के अधिकारियों व कार्यपालक अभियंता को दिया गया। आगे डीसी ने विभिन्न योजनाओं के तहत जमीन की अनउपलब्धता पर रोष प्रकट करते हुए संबंधित अधिकारियेां को निदेशित किया कि वैसे सभी योजनाओं की सूची तैयार करें जिनको अब तक अंचलों द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं कराया गया है। साथ ही जिन योजनाओं हेतु जमीन उपलब्ध करा दिया है उन योजनाओं का प्रगति प्रतिवेदन तैैैयार करते हुए उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करने का निदेश दिया गया, ताकि धीमी गति से चल रहे कार्यों को गति दी जा सके। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारी को निदेशित करते हुए कहा कि प्राथमिकता आधारभूत संरचना से जुड़े हुए विभिन्न मामलों में जल्द से जल्द योग्य भूमि का चयन कर उसकी लिखित सूची जिला में संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि जिला स्तर से उपरोक्त जमीन पर उचित कार्रवाई की जा सके।

साथ ही डीसी विशाल सागर के निर्देश पर देवघर जिले के चितौलोड़िया में स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण, देवघर जिले के बसबरिया में स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण, देवघर में एकीकृत धन्वंतरि आयुष अस्पताल का निर्माण,देवघर जिले के मार्गाेमुंडा में अल्पसंख्यक समूह के आवासीय विद्यालय का निर्माण, देवघर जिले के मार्गाेमुंडा ब्लॉक में इनडोर स्टेडियम का निर्माण, कुमैठा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जसीडीह, देवघर में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक (08 लेन) का निर्माण, देवघर जिले में बेंगी बिशुनपुर का आधुनिक मत्स्य पालन क्षेत्र के रूप में विकास आदि से जुड़े कार्यों को तय समय अनुसार पूर्ण करने का निदेश संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को दिया गया। इस दौरान उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त नवीन कुमार,अपर समाहर्ता हीरा कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर प्रसाद, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला कल्याण पदाधिकारी दयानन्द दूबे, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कुमारी रंजना, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार,कार्यपालक अभियंता पथ प्रमण्डल,कार्यपालक अभियंता राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल,कार्यपालक अभियंता एनआरईपी एवं ग्रामीण कार्य विभाग, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सभी अंचलों के अंचलाधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।



