राहुल गांधी ने कहा- संसद में जाने से रोका गया, भाजपा सांसद गिरे और धक्का देने का लगाया आरोप
नई दिल्ली । संसद परिसर में गुरुवार सुबह धक्का-मुक्की होने से सियासी माहौल गरमा गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने धक्का दिया जिससे भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत गिर गए और चोटिल हो गए। वहीं राहुल गांधी का कहना है कि जब वो संसद के अंदर जा रहे थे तभी उन्हें रोकने का प्रयास किया गया और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।
संसद परिसर में गुरुवार को हुई धक्का-मुक्की को लेकर अब राजनीति गरमा गई है। सत्ता पक्ष का राहुल पर आरोप है कि उन्होंने भाजपा सांसद प्रताप सारंगी को धक्का दिया, जिससे वो गिर गए और चोटिल हो गए। इस धक्का-मुक्की में दो सांसदों के घायल होने की बात कही जा रही है। इस मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का कहना है कि मकर द्वार से हम लोग संसद में प्रवेश कर रहे थे, तभी वहां मौजूद भाजपा के लोगों ने उन्हें अंदर जाने से रोका और उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस धक्का-मुक्की में लोग गिर गए। राहुल गांधी ने आगे कहा कि ये लोग ऐसा करके संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं और लगातार बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये लोग धमकी देने के साथ ही मुझे धक्का दे रहे थे, तब हम सभी सीढ़ियों पर खड़े हुए थे। राहुल ने कहा कि यह सब कैमरे में कैद है, कि किस तरह से खड़गे जी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। राहुल ने अंत में कहा कि इस तरह की धक्का-मुक्की से हम लोगों को कुछ नहीं होता है। भाजपा सांसद हमें संसद में जाने से रोक नहीं सकते हैं।
राहुल पर धक्का देने का आरोप
इस धक्का-मुक्की प्रसंग में भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी का आरोप है कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया और वही सांसद उनके ऊपर गिर गया, जिससे उनके सिर में चोट आई है। इलाज के लिए सांसद सारंगी और मुकेश राजपूत को अस्पताल ले जाया गया। इस बीच भाजपा के अनेक नेता उन्हें देखने और हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचे।






