लगभग ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान
देवघर । नगर थाना क्षेत्र के मीना बाजार स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में 42 दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे लगभग ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। मिली जानकारी के अनुसार आग रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच लगी। आग की भयावहता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की तीन गाडिय़ां तुरंत मौके पर पहुंचीं। पूरी रात से सुबह 5 बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस प्रक्रिया में लगभग 9 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया गया। जलकर खाक हुई दुकानों में कपड़ा, टेलरिंग और पूजा सामग्री की दुकानें शामिल थीं।

दुकानदारों का कहना है कि यह आग सामान्य नहीं थी, बल्कि किसी साजिश का परिणाम थी। दुकानदारों ने बताया कि घटना से चार दिन पहले भी इसी इलाके में तीन दुकानों में आग लगाई गई थी, जिससे करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन ने पहले की घटना को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। आग की घटना के बाद से दुकानदारों में भारी आक्रोश है। रविवार को मीना बाजार सब्जी मंडी के सभी दुकानदारों ने विरोधस्वरूप अपनी दुकानें बंद रखीं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।





