जिन ग्राहकों ने पहले यह प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा करने की जरुरत नहीं
नई दिल्ली । दिसंबर 2026 से एलपीजी गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों को कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होगा। देशभर में इंडेन, एचपी गैस और भारत गैस के उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए आधार बायोमेट्रिक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना जरुरी हो गया है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि नवंबर में सरकार या तेल कंपनियों द्वारा ई-केवाईसी को लेकर किसी नए नियम की घोषणा नहीं की गई है, बल्कि यह मौजूदा प्रक्रिया है जिसे अब सख्ती से लागू किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घरेलू एलपीजी ग्राहकों को सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए आधार बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करना अनिवार्य है। यह नियम तीनों प्रमुख गैस कंपनियों के ग्राहकों पर लागू होता है। जानकारों के मुताबिक यदि किसी उपभोक्ता ने अभी तक यह वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो उनकी गैस सब्सिडी प्रभावित हो सकती है या पूरी तरह से रुक सकती है। केवल ई-केवाईसी पूरी होने के बाद ही पात्र ग्राहकों को सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा। हालांकि, जिन ग्राहकों ने पहले ही अपनी बायोमेट्रिक आधार वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें यह दोबारा करने की जरुरत नहीं और उनकी नियमित गैस बुकिंग और सब्सिडी का लाभ जारी रहेगा।
ई-केवाईसी पूरी करने के कई सुविधाजनक तरीके उपलब्ध हैं। ग्राहक चाहें तो सिलेंडर की डिलीवरी के समय ही यह काम करवा सकते हैं, जहां डिलीवरी करने वाला कर्मचारी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में सहायता कर सकता है। इसके अतिरिक्त, ग्राहक अपनी गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप का उपयोग करके भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक इंडेन के ग्राहक इंडियनऑयल वन ऐप, भारत गैस के ग्राहक हेलोबीपीसीएल ऐप, और एचपी गैस के ग्राहक एचपी पे ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का उपयोग करके भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। यदि मोबाइल ऐप से प्रक्रिया पूरी करने में कोई परेशानी आती है, तो ग्राहक अपनी पंजीकृत गैस एजेंसी पर जाकर भी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवा सकते हैं। जो ग्राहक ई-केवाईसी नहीं कराना चाहते या सब्सिडी का लाभ नहीं लेना चाहते, उनके लिए बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर लेने का विकल्प भी मौजूद है। इसके लिए उन्हें तेल कंपनियों के अधिकृत माध्यमों से अपनी पसंद दर्ज करानी होगी। उपलब्धता के आधार पर 5 और 10 किलो के छोटे सिलेंडर भी बिना सब्सिडी के प्राप्त किए जा सकते हैं। उपभोक्ताओं को घबराने की जरुरत नहीं है, क्योंकि ई-केवाईसी पूरी न कराने का मतलब यह नहीं है कि उनका गैस कनेक्शन अपने आप बंद हो जाएगा। हालांकि, सब्सिडी और रियायती कीमत पर रिफिल प्राप्त करने में निश्चित रूप से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।




