मुम्बई । घरेलू शेयर बाजार बुधवार को भारी तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में ये उछाल दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही बैंकिंग सहित कई क्षेत्रों में खरीददारी हावी रहने से आया है। आज कारोबार के दौरान प्रमुख बेंचमार्क सूचकांकों में बढ़त रही। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,502 अंक से अधिक उछलकर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई का निफ्टी भी लगभग 470 अंकों की तेजी के साथ 25,819.25 अंक पर बंद हुआ। बाजार में इस बढ़त में विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर खरीदारी की भी भूमिका रही है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से भी बाजार में उत्साह का माहौल है।
सोमवार को एफआईआई ने 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे, जिससे बाजार धारणा को बल मिला। इसके अतिरिक्त, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 फीसदी गिरकर 91.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे मुद्रास्फीति की चिंताओं में कुछ कमी आई। आज सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 फीसदी उछला, जबकि ट्रेंट (3.59 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (3.44 फीसदी), इंटरग्लोब एविएशन (3.24 फीसदी), एचडीएफसी बैंक (3.18 फीसदी) और बजाज फाइनेंस (3.04 फीसदी) ऊपर आया। दूसरी ओर टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों में एफएमसीजी में सर्वाधिक 3.14 फीसदी की तेजी रही। बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्रों में भी जोरदार खरीदारी देखी गई। वहीं इससे पहले आज सुबह आज सुबह सेंसेक्स 1000.90 अंकों की बढ़त के साथ ही 83,436.89 के स्तर पर खुला। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 308 अंकों के उछाल के साथ ही 25,658.35 के स्तर पर खुला। इस अच्छी शुरुआत से सप्ताह के पहले दिन हुई मुनाफावसूली से बाजार काफी हद तक उबर गया।






