न्यायपालिका को भूमिका निभाने में आ रही चुनौतियों पर कहा
नई दिल्ली । 26 नवंबर यानी गुरुवार को देश के संविधान अपनाए जाने की 77वीं वर्षगांठ है। इस मौके पर भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने एक इंटरव्यू में संविधान के तहत न्यायपालिका को अपनी भूमिका निभाने में आ रही चुनौतियों और उसके समाधान पर बात की है। भारतीय न्यायपालिका की सबसे बड़ी परेशानी न्याय देने में देरी रही है। सीजेआई ने इस पर भी बात की और बताया है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए क्या उपाय किए हैं।
सीजेआई सूर्यकांत ने संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर इंटरव्यू में कहा कि न्यायपालिका के सामने बदले जमाने में आई चुनौतियों पर खुलकर बात की है। साथ ही साथ उन्होंने तारीख-पे-तारीख की ऐतिहासिक समस्या से देश के नागरिकों को मुक्ति दिलाने के लिए न्यायपालिका के प्रयासों को भी सामने रखा है। सीजेआई का कहना है कि समय के साथ न्यायपालिका की जिम्मेदारियां भी बढ़ती जा रही हैं। क्योंकि, अपराध की प्रवृत्तियों में बदलाव आए हैं। लोगों में अपने अधिकारों को लेकर अपेक्षाएं भी बदल रही हैं। आज एआई और टेक्नोलॉजी का भी दौर है तो वैश्विक मुद्दे भी हमारे सामने आते रहते हैं।
आज हमारे पास ई-फाइलिंग है। आज हमारे यहां नोटिस जारी होता है तो ई-मेल के जरिए व्हाट्सएप के जरिए, दूसरे तरीकों से नोटिस जाता है। ऑनलाइन सुनवाई के जरिए वहीं के स्थानीय वकील को एक प्लेटफॉर्म दिया है कि आप अपने घर में बैठकर के अपने मुकदमे पर बहस कर सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट में ई-फाइलिंग की व्यवस्था 2 अक्टूबर, 2006 से शुरू हुई। याचिकाकर्ता बिना प्रोसेसिंग फीस या अतिरिक्त कोर्ट फीस के मामूली रकम प्रति पेज के हिसाब से ई-मेल के जरिए याचिका दायर कर सकते हैं।
मई 2017 से सुप्रीम कोर्ट में ऑनलाइन फाइलिंग, मुकदमों की ट्रैंकिंग और डिजिटल केस मैनेजमेंट के लिए इंटीग्रेटेड केस मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम शुरू किया गया। 9 अप्रैल, 2021 से सुप्रीम कोर्ट की ई-कमिटी ने ई-फाइलिंग की 3.0 मॉड्यूल शुरू की। आज सुप्रीम कोर्ट के पास एक आधिकारिक ई-फाइलिंग पोर्टल है। संविधान सभा ने 26 नवंबर, 1949 को भारत के संविधान को अपनाया था। इसी अवसर पर अब हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह संविधान 26 जनवरी, 1950 से लागू हुआ। डॉ. बीआर अंबेडकर संविधान के ड्राफ्टिंग कमिटी के अध्यक्ष थे, इसलिए संविधान के निर्माण में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है। भारत 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाता है, लेकिन पहले संविधान दिवस मनाए जाने की परंपरा नहीं थी। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर, 2015 को भारत सरकार के इस फैसले की अधिसूचना जारी की और उसी साल से संविधान दिवस मनाए जाने की परंपरा शुरू हुई, ताकि नागरिकों के मन में संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूकता लाई जा सके।






