नई दिल्ली । वजन कम करने के लिए अक्सर लोग जिम की मेंबरशिप लेते हैं, वॉकिंग के लिए पार्क ढूंढते हैं या फिर महंगे फिटनेस इक्विपमेंट खरीदते हैं। लेकिन क्या घर के अंदर रहकर भी प्रभावी ढंग से वजन कम किया जा सकता है? फिटनेस इन्फ्लुएंसर अंबिका सागर की प्रेरणादायक यात्रा इसका जवाब देती है। उन्होंने अपने 2बीएचके फ्लैट के अंदर रोज वॉक करके अपना वजन 90 किलो से घटाकर 74 किलो कर लिया, यानी अब तक वह 16 किलो वजन कम कर चुकी हैं। सबसे खास बात यह है कि इसके लिए उन्होंने न तो किसी ट्रेडमिल का इस्तेमाल किया और न ही जिम जाकर घंटों वर्कआउट किया। उनका पूरा ध्यान रोज चलने, खाने पर ध्यान देने और अपनी आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने पर रहा।
अंबिका सागर ने बताया कि उन्होंने रोज 20 हजार कदम चलने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके लिए उन्हें घर से बाहर जाने या किसी बड़े पार्क की जरूरत महसूस नहीं हुई। वह अपने 2बीएचके फ्लैट में ही लगातार चलते हुए अपने रोज के स्टेप्स आसानी से पूरे करती थीं। घर के अंदर ही चलने की इस आदत को उन्होंने अपने वजन घटाने के सफर का एक अभिन्न हिस्सा बनाया। अंबिका की वेट लॉस जर्नी की एक और खास बात यह है कि उन्होंने महंगे इक्विपमेंट या जिम के बिना अपना फिटनेस रूटीन तैयार किया। उनका मुख्य फोकस रोज सक्रिय रहने, अपने खान-पान पर ध्यान देने और दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने पर रहा। उन्होंने अपनी यात्रा में कैलोरी डेफिसिट (शरीर की जरूरत से थोड़ी कम कैलोरी लेना) को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया। इसका मतलब भूखा रहना या पसंदीदा चीजें पूरी तरह छोड़ना नहीं है, बल्कि खाने की मात्रा और रोज की डाइट को बुद्धिमानी से संतुलित करना है। अंबिका ने साफ किया कि उनकी जर्नी में कोई फैंसी डाइट या शॉर्टकट नहीं था, बल्कि रोज की मेहनत और अनुशासन ही सफलता की कुंजी थी। अगर आप भी घर पर चलकर वजन कम करने की सोच रहे हैं, तो अंबिका सलाह देती हैं कि शुरुआत में ही रोज 20 हजार कदम चलने का टारगेट न रखें। पहले 3 हजार कदम से शुरू करें, फिर धीरे-धीरे इसे 5 हजार और फिर 8 हजार कदम तक पहुंचाएं। जब शरीर इस नए रूटीन का आदी हो जाए, तो अपनी क्षमता और सेहत के हिसाब से इसे आगे बढ़ा सकते हैं।






