संताल एक्सप्रेस संवाददाता

पाकुड़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर में बुधवार को साझा समीक्षा मिशन की केंद्रीय टीम ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सा संसाधनों, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
टीममें राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र के सलाहकार श्री कानन, जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने महिला एवं पुरुष वार्ड, शल्य चिकित्सा कक्ष, बाह्य रोगी विभाग, एक्स-रे कक्ष और दवा वितरण कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल में मरीजों के इलाज की व्यवस्था, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, वार्डों की स्थिति और परिसर की स्वच्छता का भी आकलन किया।
इस दौरान केंद्रीय टीम के सदस्य श्री कानन ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह से अस्पताल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।टीम के सदस्यों ने बताया कि साझा समीक्षा मिशन के तहत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ व्यवस्था में मौजूद कमियों और समस्याओं की पहचान करना है। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पाकुड़ के उपायुक्त एवं राज्य सरकार को सौंपी जाएगी। इसके बाद आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
मौके पर डॉ. मनोज कुमार, गौरव कुमार, निपेन भास्कर, राजू कुमार अग्रवाल, बिनोद कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।





