चिकित्सक ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद किया रेफर
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट/ साहिबगंज- साहिबगंज जिले के बरहेट – साहिबगंज मुख्य सड़क में हरिशचंद्रपुर मोड़ के पास रविवार को
एक ई रिक्शा और एक टैंकर में आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई. घटना में कुल सात लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट लाया गया. जहां सभी का प्राथमिक उपचार चिकित्सक डॉ संतोष टुडू ने किया. साथ ही सभी घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया.मिली जानकारी के अनुसार घायलों में जिरबाबाड़ी निवासी 45 वर्षीय अजय ठाकुर और उसकी पत्नी 40 वर्षीय विमला देवी, हाथमारी गांव निवासी 18 वर्षीय मतला बेसरा, 25 वर्षीय सोनी मरांडी, 40 वर्षीय चुड़का बेसरा, बोड़बांध गांव निवासी 27 वर्षीय माल्हो मुर्मू एवं 40 वर्षीय बड़का टुडू शामिल है.

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ई रिक्शा साहिबगंज से बरहेट की ओर आ रहा था. जबकि टैंकर बरहेट से साहिबगंज की ओर आ रहा था. इस दौरान हरिशचंद्रपुर मोड़ के पास ई रिक्शा और टैंकर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई.घटना की जानकारी मिलने के बाद बरहेट थाना के अवर निरीक्षक शंभू सिंह पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच मामले की जांच में जुट गए. वहीं प्रखंड प्रमुख बर्नाड मरांडी, उप प्रमुख रुपक साह, झामुमो प्रखंड सचिव मजीबुल रहमान के अलावे अन्य लोग घायलों से मिलने तथा आवश्यक सहयोग करने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहेट पहुंच गए थे





