मुंबई, । साहिल वाकोडे और सिद्धेश पाटील की घटनाओं से महाराष्ट्र पहले ही सदमे में था, इस बीच छात्रों की आत्महत्या को लेकर एक और चिंताजनक आंकड़ा सामने आया है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वर्ष 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में एक साल के दौरान 14,488 छात्रों ने आत्महत्या की। इनमें सबसे अधिक 1,909 मामले महाराष्ट्र में दर्ज किए गए हैं। देश में छात्रों की कुल आत्महत्याओं में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 13.2 प्रतिशत रही। एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में देशभर में कुल 1,70,746 लोगों ने आत्महत्या की। इनमें 14,488 छात्र शामिल थे। वर्ष 2023 में छात्रों की आत्महत्या के 13,892 मामले दर्ज किए गए थे। इस तरह एक साल में छात्रों की आत्महत्या के मामलों में 4.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के आंकड़े पिछले दस वर्षों में बढ़ती समस्या की गंभीरता भी उजागर करते हैं। वर्ष 2015 में देशभर में 8,934 छात्रों ने आत्महत्या की थी, जबकि 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 14,488 हो गया।

यानी एक दशक में छात्रों की आत्महत्या के मामलों में 62.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में देश में हुई कुल आत्महत्याओं में छात्रों की हिस्सेदारी 8.5 प्रतिशत थी। लगातार बढ़ते ये आंकड़े अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, पढ़ाई, परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं का अत्यधिक दबाव, असफलता का डर तथा पारिवारिक अपेक्षाएं विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान देना चाहिए। यदि किसी विद्यार्थी में मानसिक तनाव या निराशा के संकेत दिखाई दें, तो उसे डांटने या दबाव डालने के बजाय मनोवैज्ञानिक परामर्श और उचित सहायता उपलब्ध करानी चाहिए। छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना और उनके साथ खुलकर संवाद करना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।



