नई दिल्ली । किसी चोट, संक्रमण या बीमारी के दौरान शरीर में सूजन का आना स्वाभाविक प्रक्रिया है। आमतौर पर चोट ठीक होने या संक्रमण खत्म होने के साथ ही सूजन भी स्वतः समाप्त हो जाती है। लेकिन असली समस्या तब उत्पन्न होती है जब बिना किसी प्रत्यक्ष कारण के शरीर के भीतर लंबे समय तक हल्की सूजन बनी रहती है।
चिकित्सकीय भाषा में इसे क्रॉनिक इन्फ्लेमेशन कहा जाता है। हैल्थ एक्सपर्ट की माने तो इस सूजन से हार्ट अटैक और कई गंभीर बीमारियों का खतरा हो सकता है। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम बिना किसी बड़ी वजह के लगातार सक्रिय रहता है और धीरे-धीरे स्वस्थ कोशिकाओं तथा आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचाने लगता है। हाल ही में ब्रिटेन स्थित प्रसिद्ध इम्पीरियल कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं द्वारा की गई एक महत्वपूर्ण स्टडी में क्रॉनिक इन्फ्लेमेशन को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इस शोध के आंकड़ों के अनुसार, जिन लोगों के शरीर में लंबे समय तक सूजन का स्तर अधिक बना रहता है, उनमें कम सूजन वाले व्यक्तियों की तुलना में हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थितियों का खतरा तैंतालीस प्रतिशत तक अधिक पाया गया है।
शोधकर्ताओं ने अपनी स्टडी में देखा कि शरीर के अंदर लगातार बनी रहने वाली यह सूजन दिल की संरचना में भी नकारात्मक बदलाव लाती है। इसके कारण हृदय की दीवारें मोटी होने लगती हैं, दिल के अंदरूनी चैंबर छोटे हो जाते हैं और दिल की रक्त पंप करने तथा रक्त भरने की क्षमता प्रभावित होती है। समय के साथ यह स्थिति हार्ट फेलियर के जोखिम को भी बढ़ा सकती है। लंबे समय तक रहने वाली आंतरिक सूजन धमनियों में प्लाक जमा होने की प्रक्रिया को तेज करती है, जिससे रक्त परिसंचरण में बाधा उत्पन्न होती है। हालांकि, इस सूजन का दुष्प्रभाव केवल हृदय तक ही सीमित नहीं रहता बल्कि यह शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित करता है। लगातार बनी रहने वाली सूजन शरीर में इंसुलिन हार्मोन के सही ढंग से काम करने की क्षमता को प्रभावित करती है, जिससे इंसुलिन रेजिस्टेंस की समस्या पैदा होती है और व्यक्ति टाइप-टू डायबिटीज की चपेट में आ सकता है।
इसके अतिरिक्त, पुरानी सूजन को कुछ विशेष प्रकार के कैंसर के विकास के लिए भी जिम्मेदार माना गया है, विशेष रूप से आंतों से जुड़ी पुरानी बीमारियों में यह कोलोरेक्टल कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकती है। शरीर में इस अदृश्य सूजन के जोखिम को कम करने के लिए दैनिक जीवनशैली में बदलाव लाना अत्यंत आवश्यक है। अपने दैनिक आहार में ताजी हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, दालें और पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। जंक फूड, अधिक चीनी, तले-भुने और प्रोसेस्ड भोजन के सेवन से परहेज करना चाहिए। इसके लिए विशेषज्ञों की सलाह है कि हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम तीस मिनट टहलना या हल्का व्यायाम करना चाहिए।




