फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से करते थे ठगी
देवघर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में छापेमारी कर पांच संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डकाय जंगल में कुछ लोग फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों से ठगी कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम कुमार दास (24), विकास कुमार महरा (19) और अशोक महरा (22), तीनों निवासी सारठ, मणिक कुमार मंडल (21), निवासी सरैयाहाट, दुमका तथा अजीत दास (22), निवासी देवीपुर, देवघर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते और ठगी करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड जब्त किए। कार्रवाई में साइबर थाना के निरीक्षक बिशेश्वर कुमार, पथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


