बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर हुई झड़प- विधायक पूर्णिमा साहू समर्थकों के साथ धरने पर बैठीं, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
पूर्वी सिंहभूम । जवाहर लाल नेहरू (जेएनयू) से जुड़ी छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सोमवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर दोनों दलों के समर्थकों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना में भाजपा के करीब 20 कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है, जबकि कांग्रेस के उपाध्यक्ष समेत 10 से अधिक लोगों के जख्मी होने की बात सामने आई है। हिंसा के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया। दरअसल, भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा ने 12 अक्टूबर को कांग्रेस मुख्यालय के सामने आक्रोश प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। प्रदर्शनकारी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़ी छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले में मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और सांसद पद से बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं को सुबह 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब मैदान में जुटना था। यहां से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय पहुंचे। जहां दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते नारेबाजी तेज हो गई और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू और अन्य लोग धरने पर बैठ गए। झड़प में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला महामंत्री राजू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा और दीपू शर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पार्टी के उपाध्यक्ष समेत कई लोगों के जख्मी होने की बात कही जा रही है। कुछ घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हिंसक झड़प के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस मुद्दे पर हुई और पथराव पहले किस पक्ष की ओर से किया गया, इस संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।


