चचेरे भाई बहादुर बागती ने की थी व्यवसायी गौरचन्द्र बागती की हत्या
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल-व्यवसायी गौरचन्द्र बागती हत्याकांड में राजमहल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर गौरचन्द्र बागती हत्याकांड के मामले का खुलासा किया है. सोमवार को राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीते दिन सुबह करीब 4:45 बजे राधानगर थाना में ऐसी सूचना प्राप्त हुआ कि मोहनपुर चौक के पास फोरलेन सड़क पर मोहनपुर निवासी गौरचन्द्र बागती का गला रेत कर किसी ने हत्या कर दिया है. इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दिया गया. साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के द्वारा आवश्यक कार्रवाई एवं अभियुक्त कि गिरफ्तारी हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
छापामारी दल के द्वारा मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती पिता स्वर्गीय सुफल बागती साकिम मोहनपुर थाना राधानगर जिला साहिबगंज को पकड़ा गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर बहादुर बागती ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुये बताया कि आपसी रंजीश के कारण इस घटना को अंजाम दिये है. घटना में प्रयुक्त एक चाकु, एवं चप्पल को घटनास्थल से बरामद किया गया है. इस संबंध में राधानगर थाना कांड संख्या 353/26 धारा-103 (1) बीएनएस 2023 दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है. एवं इस कांड में गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है. मौके पर राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, गंगा नदी थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह, पुअनि संग्राम सिंह सोय सहित अन्य पुलिस प्रशासन मौजूद थे.


