नई दिल्ली । उत्तर और पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम खतरनाक बना हुआ है। यूपी में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और तेज आंधी के कारण 29 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बिहार में नदियों के उफान से बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी हिस्सों में भारी बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, चित्रकूट और जौनपुर समेत करीब 45 शहरों में रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। आंधी-बारिश और बिजली गिरने से जुड़े हादसों में अब तक 29 लोगों की जान जा चुकी है। सैकड़ों बीघा फसलें बर्बाद हो गई हैं और जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के बीच 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे प्रमुख घाटों की सीढ़ियां पूरी तरह डूब गई हैं।
नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बिहार की कोसी और गंडक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। साइक्लोन अर्नब का असर भले ही कमजोर हुआ हो, लेकिन पिछले 72 घंटों की बारिश से 17 जिलों के करीब 6,000 गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। अकेले सुपौल जिले के 50 गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहां 500 से ज्यादा घर पूरी तरह पानी में डूब चुके हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य में जुटा है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के बिगड़े मिजाज और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने 26-27 सितंबर के लिए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र नेलांग-जादुंग सहित रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर पिछले दो दिनों से बर्फबारी जारी है, जिससे समूचे पर्वतीय क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात दर्ज किया गया है। पूह के कुन्नू और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल छितकुल में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जबकि शिमला, मंडी, कुल्लू और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले चार दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।


