आदी गोदरेज के दादा ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अंग्रेज सरकार से खरीदी थी जमीन
मुंबई । मुंबई ऊंची-ऊंची इमारतों के लिए देश और दुनिया में मशहूर है। जब भी मुंबई के सबसे अमीर लोगों या संपत्तियों की बात होती है, तो लोगों को बड़े उद्योगपतियों के नाम सामने आते हैं, लेकिन जमीन की मिल्कियत के मामले में एक ऐसा भारतीय कारोबारी घराना सबसे आगे है, जिसकी संपत्ति के आगे बड़े-बड़े दिग्गज भी बोने हो जाते हैं। यह घराना देश का जाना-माना गोदरेज परिवार है। मीडिया रिपोर्ट में वित्तीय आंकड़ों और भौगोलिक सर्वेक्षणों के मुताबिक मुंबई शहर का कुल क्षेत्रफल लगभग एक लाख एकड़ में फैला है। हालांकि, इसमें से केवल 34,000 एकड़ भूखंड ही इंसानों के रहने और निर्माण कार्य के लिए उपयुक्त है। सच यह है कि इस रहने योग्य जमीन के करीब 10 फीसदी हिस्से यानी 3,400 एकड़ का अकेले गोदरेज समूह का मालिक है। उपभोक्ता सामान, कृषि उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और रियल एस्टेट सेक्टर में काम करने वाले इस ग्रुप ने मुंबई की धरती पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
रिपोर्ट के मुताबिक गोदरेज समूह की इस विशाल संपत्ति की नींव द्वितीय विश्व युद्ध के तुरंत बाद पड़ी थी। गोदरेज इंडस्ट्रीज के चेयरमैन आदी गोदरेज के दादा और समूह के संस्थापक पिरोजशा बुर्जोरजी गोदरेज ने उस दौर की आर्थिक स्थितियों को भांप लिया था। युद्ध खत्म होने के बाद जब वैश्विक स्तर पर जमीनों के दाम में भारी गिरावट पर थे, तब पिरोजशा ने तात्कालिक ब्रिटिश औपनिवेशिक सरकार से बॉम्बे में 3,000 एकड़ का विशाल टुकड़ा मात्र 30 लाख रुपए में खरीद लिया था। इसके बाद उन्होंने 400 एकड़ जमीन और खरीदी, जिससे उनकी कुल संपत्ति 3,400 एकड़ हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक गोदरेज परिवार के इस 3,400 एकड़ के विशाल भूखंड में से करीब 1,800 एकड़ क्षेत्र में मैंग्रोव फैले हुए हैं। पर्यावरण संरक्षण कानूनों के तहत इस क्षेत्र में किसी भी तरह के व्यावसायिक या आवासीय निर्माण पर पाबंदी है। इसके बावजूद मुंबई के विक्रोली इलाके में स्थित गोदरेज के 1,000 एकड़ के विकास योग्य प्लॉट की अनुमानित कीमत आज 4,35,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा आंकी जाती है। यह विशाल रकम गोदरेज ग्रुप की चारों शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों के कुल बाजार मूल्य से करीब चार गुना ज्यादा है। दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में समूह के पास बड़े भूखंड हैं। इन जमीनों पर गोदरेज समूह की रियल एस्टेट शाखा गोदरेज प्रॉपर्टीज भव्य आवासीय सोसायटियों और आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करती है, जो देश के अग्रणी बिल्डरों में गिनी जाती है।


